देश भर में स्कूलों में मासूम बच्चियां कितनी असुरक्षित हैं इसका अंदाजा बीते कुछ महीनों से लगातार सामने आ रहे घटनाक्रम से लगाया जा सकता है। स्कूलों में रेप और छेड़छाड़ के लिए बदनाम हो चुके बंगलुरू के बाद अब तमिलनाडु में भी ऐसा ही मामला सामने आया है।
वेल्लौर जिले के एक सरकारी हाईस्कूल में छठीं कक्षा में पढ़ने वाली एक मासूम लड़की से रेप के बाद हत्या कर दी गई। घटना के बाद बच्ची की लाश को आम के बगीचे में फेंक दिया गया था। उसके हाथ पैर बंधे हुए थे।
इस शर्मनाक घटना को किसने अंजाम दिया है यह अभी तक नहीं पता चल सका है। बताया जा रहा है कि 11 साल की बच्ची सोमवार दोपहर 1 बजे के करीब स्कूल से घर लौटते समय दसवीं में पढ़ने वाले एक छात्र के साथ दिखी थी। देर शाम तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर उसके परिजन परेशान हो गए और खोजबीन शुरू कर दी।
बच्ची के सीने और पेट पर गंभीर चोटें
टीओआई के अनुसार, काफी खोजबीन के बाद लड़की सोमवार को नहीं मिली। अगले दिन सुबह आम के बगीचे में उसकी लाश पड़ी होने की सूचना मिली तो परिजन भागते हुए वहां पहुंचे। बच्ची के शरीर पर गहरे जख्म देखकर लोग सहम गए।
सूचना मिलने पर पहुंचे एसपी पीके सेंथिल के नेतृत्व में मामले की छानबीन शुरू की गई है। मौके से फोरेंसिक टीम ने सबूत इकट्ठे किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि रेप के बाद बच्ची का गला घोंटा गया था।
बच्ची के सीने और पेट के निचले हिस्से पर चोट के निशान भी मिले हैं। आशंका है कि बच्ची ने बचाव का प्रयास किया जिस पर दरिंदे ने उसे गंभीर चोट पहुंचाई।
पुलिस के अनुसार, बच्ची जिस लड़के के साथ आखिरी बार दिखी थी वह फिलहाल लापता है। उसका पता लगाने के लिए चार स्पेशल टीमें बनाई गई हैं।
एक नहीं दो थे आरोपी?
पुलिस को शक है कि बच्ची के साथ रेप और हत्या का अंजाम देने वाला कोई परिचित ही है। साथ ही यह भी आशंका जताई जा रही है कि इस घटना में कम से कम दो लोग शामिल हैं।
वहीं, बच्ची के परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद बच्ची की लाश लेने से मना कर दिया। उनका कहना था कि पहले आरोपी को गिरफ्तार किया जाए।
बच्ची के एक रिश्तेदार ने कहा कि वह घटना वाले दिन बच्ची से मिला था जब वह दूसरे छात्र के साथ वापस लौट रही थी। उसने दोनों को बाइक पर बैठने के लिए कहा लेकिन संदिग्ध आरोपी छात्र ने मना कर दिया और पैदल ही जाने के लिए कहा। आरोपी छात्र बच्ची के घर के पास ही रहता है।
बच्ची के लापता होने के कुछ देर बाद ही परिजनों ने आरोपी छात्र से उसके बार में पूछा लेकिन उसने ठीक से कोई जवाब नहीं दिया। शिकायत के बाद केवी कुप्पम पुलिस ने रेप, हत्या और बाल यौन अपराध के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वारदात को लेकर तहकीकात जारी है।
यूपी: युवती से दुष्कर्म कर बनाई विडियो क्लिप
मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक ने एक युवती के साथ दुराचार कर उसकी विडियो क्लिप बना ली। उधर, आरोपी विशेष संप्रदाय का होने के कारण गांव में तनाव बना है। दूसरी ओर, परिजन पीड़िता को लेकर कहीं चले गए हैं। रतनपुरी पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
रतनपुरी थाने पर क्षेत्र के गांव निवासी युवक ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के ही दूसरे समुदाय के युवक ने अपने साथियों के मदद से उसकी बहन के साथ दुष्कर्म किया तथा उसकी विडियो क्लिप भी बना ली। अब आरोपी उसे सार्वजनिक करने की चेतावनी दे रहे हैं। वारदात तीन दिन पहले की बताई गई है।
उधर, मंगलवार को पीड़िता को लेकर परिजन गांव छोड़ कर कहीं चले गए हैं। गांव में तनाव की स्थिति बनी है। रतनपुरी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है, जिस पर जांच की जा रही है। परिजन पीड़िता को लेकर आएं तो तुरंत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।