डीएवी कॉलेज में एमकॉम की इंटरनल परीक्षा में ज्यादातर छात्रों के फेल होने पर पट्टू ग्रुप ने प्राचार्य से विरोध जताया।
ग्रुप कार्यकर्ता गोविंद सिंह के नेतृत्व में प्राचार्य डा. देवेंद्र भसीन से मिलने पहुंचे। छात्रों का कहना था कि जो छात्र विवि की परीक्षा में पास होता है, वह इंटरनल में फेल कैसे हो सकता है।
छात्रों को अपने अंकों पर संदेह
आरोप लगाया कि कॉलेज में न तो छात्रों की पूरी कक्षाएं होती हैं, न अन्य सुविधाएं मिलती हैं। प्राचार्य से बैक पेपर की मांग की गई। प्राचार्य ने कहा कि जिन छात्रों को अपने अंकों पर संदेह है, वे आवेदन कर सकते हैं।
उन्हें कापियां दिखा दी जाएंगी। इस दौरान जितेंद्र कुमार रिंकू, नितिन चौहान, अमन गर्ग, दिव्यांशु भंडारी, राघव, अंकित भारद्वाज, यश बिष्ट, शुभम ठाकुर, पंकज पटवाल, मयंक उपाध्याय, विजय रावत आदि मौजूद रहे।
छात्रसंघ कोष के लिए मारामारी
डीएवी कॉलेज में छात्रसंघ पदाधिकारियों के बीच कोष के लिए मारामारी मची हुई है। तीन दिन पहले एक एफआर ने कोष से पैसा न मिलने पर आरटीआई लगा दी थी। अब एक छात्रनेता लड्डू बांटने का साढ़े 13 हजार रुपये का बिल लेकर प्राचार्य के पास पहुंच गया।
कॉलेज प्रशासन ने छात्रसंघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की संस्तुति के बिना भुगतान से मना कर दिया। दूसरी ओर, एक अन्य छात्रनेता पांच हजार रुपये का टैक्सी बिल लेकर आया।
बिल पर मुहर और अध्यक्ष की अनुमति न होने से उसे भी रकम नहीं दी गई। सूत्रों की मानें तो छात्रसंघ पदाधिकारी अब तक कोष से ढाई लाख रुपये ले चुके हैं। वरिष्ठ पदाधिकारियों के बाद अब छोटे पदाधिकारी चक्कर काट रहे हैं।