एआईपीएमटी पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मास्टर माइंड रूप सिंह दांगी का नेटवर्क देशभर में फैला हुआ था।
बृहस्पतिवार को सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की स्टेटस रिपोर्ट में पुलिस ने खुलासा किया है कि कुल 123 प्रश्नों के सवालों की आंसर-की 75 मोबाइलों के माध्यम से 700 लाभार्थियों को भेजी जा चुकी है।
वहीं, दूसरी ओर पुलिस दिल्ली के पटेल नगर निवासी दुकानदार से भी पूछताछ में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि उससे परीक्षा के पहले ही ब्लूटूथ अंडरगारमेंट्स खरीद लिए गए थे। दुकानदार आर्डर के हिसाब से ही स्पेशल अंडरगारमेंट्स तैयार करता था।
123 स्टेशनों पर पेपर की आंसर-की पहुंची
सुप्रीम कोर्ट में हरियाणा पुलिस की ओर से एसआईटी इंचार्ज डीएसपी अमित भाटिया उपस्थित हुए। दाखिल की गई स्टेटस रिपोर्ट में डीएसपी भाटिया ने जांच का ब्यौरा दिया।
बताया जा रहा है कि जांच में सामने आया है कि कुल 123 प्रश्नों के उत्तर तैयार किए गए थे। बहरोड के होटल शक्ति में पेपर से दो-तीन दिन पहले ही कमरे बुक हो चुके थे और साथ ही वहां पेपर हल करने वाले भी पहुंचाए गए थे।
होटल में खेल छिपाने के लिए बताया कि कंपनी की पार्टी है। आरोपियों ने 75 नए मोबाइल और सिम कार्ड खरीदे। ये मोबाइल सिम पेपर वाले दिन शुरू हुए और पेपर समाप्त होने के बाद से बंद आ रहे हैं। इनका प्रयोग केवल आंसर-की भेजने के लिए किया गया।
आरोपी करता था आर्डर पर ड्रेस तैयार
आरोपियों के कब्जे से मिली ब्लूटूथ डिवाइस लगे अंडरगारमेंट किट आर्डर पर तैयार की जाती थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पेपर से पहले ही आरोपी दुकानदार श्रीवास्तव को ड्रेस बनवाने के लिए कह दिया था।
पुलिस के हत्थे चढ़े श्रीवास्तव से लगातार पूछताछ की जा रही है। डीएसपी भाटिया का कहना है कि फिलहाल पूछताछ जारी है। दांगी की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है।