डीएवी पीजी कॉलेज में एमए राजनीति शास्त्र द्वितीय सेमेस्टर का रिजल्ट नहीं आने की वजह से छात्र भटक रहे हैं। वहीं कालेज की ओर से तृतीय सेमेस्टर में इंटरनल परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी गई है।
इससे नाराज छात्रों ने सोमवार को विभाग में ताला जड़ दिया। बाद में विभागाध्यक्ष की ओर से बिना रिजल्ट के परीक्षा नहीं कराने का आश्वासन मिलने पर छात्र शांत हुए।
इंटरनल परीक्षाओं का आदेश जारी
डीएवी के छात्र नेता दिवाकर भट्ट ने बताया कि पॉलिटिकल साइंस के एचओडी डा. अजय सक्सेना की ओर से द्वितीय सेमेस्टर का रिजल्ट न आने के बावजूद तृतीय सेमेस्टर की इंटरनल परीक्षाओं का आदेश जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई छात्र फेल हो गया तो उसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। सुबह छात्र विभाग पहुंचे तो एचओडी वहां नहीं थे। नाराज छात्रों ने विभाग में तालाबंदी कर दी, हालांकि बाद में एचओडी के समझाने पर छात्र मान गए।
विरोध करने वालों में मयंक उपाध्याय, बृजमोहन नेगी, अनूप सेमवाल, नितिन आदि शामिल रहे। मामले पर एचओडी डा. अजय सक्सेना ने कहा कि इस बाबत पहले ही छात्रों को सूचित किया जा चुका है कि बिना रिजल्ट के इंटरनल परीक्षा कराना संभव ही नहीं है। उन्होंने बताया कि जिन छात्रों तक यह सूचना नहीं पहुंची थी, वही विरोध करने आए थे।