पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के 12वीं कक्षा के रिजल्ट में लड़कियों ने बाजी मारी है। मेरिट लिस्ट के टॉप 15 में से 14 स्थानों पर लड़कियां आगे रहीं। आरएस मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल लुधियाना की दर्शवीर कौर कलसी और खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल रूपनगर की साइमा राशिद ने साइंस ग्रुप में 450 में से 450 अंक लेकर पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया है।
बोर्ड के इतिहास में यह पहला मौका है जब विद्यार्थियों ने परीक्षा में सौ फीसदी अंक हासिल किए हैं। वहीं, दूसरे स्थान पर बीसीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल लुधियाना की सारिका रहीं। उन्होंने ह्यूमैनिटीज ग्रुप में 449 (99.78) अंक हासिल किए हैं जबकि तीसरे स्थान पर भी जिला लुधियाना की दो छात्राएं रही हैं।
इनमें आरएस मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा काजल टंडन ने साइंस ग्रुप में 448 (99.56) और बीसीएम सीनियर स्कूल में एचएम 150 जमालपुर कॉलोनी फोकल प्वाइंट लुधियाना की छात्रा निष्ठा जुनेजा ने ह्यूमैनिटीज ग्रुप में 448 (99.56) अंक हासिल किए हैं।