पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) सिंडीकेट शनिवार को सेक्टर-46 स्थित श्री धनवंतरी आयुर्वेदिक कालेज के बीएएमएस के विद्यार्थियों को परीक्षा में बैठने का मौका देने पर फैसला नहीं ले सकी। सिंडीकेट सदस्यों के पास समय की कमी थी, जिसे बैठक में सिर्फ 14 मुद्दों पर ही फैसला हो सका। किसी जरूरी मुद्दे पर विचार नहीं हो सका।
इसमें आयुर्वेदिक कालेज का मुद्दा भी शामिल है। अब सिंडीकेट की अगली बैठक 26 सितंबर को होगी। सदस्यों का कहना था कि आयुर्वेदिक कालेज के मुद्दे पर वह चर्चा चाहते हैं और इसमें समय लगेगा। सिंडीकेट ने तीन सदस्य बैठक में देर से आए और एक ने जल्दी जाने का आग्रह किया।
एक सदस्य केंद्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपति की कांफ्रेंस में व्यस्त थे। इसलिए सिंडीकेट सदस्यों ने कुलपति से बैठक जल्द समाप्त करने का आग्रह किया और बैठक ढाई घंटे में खत्म हो गई। बैठक में नए कालेज को संबद्धता दिए जाने पर भी फैसला नहीं हो सका। न ही गेस्ट हाउस के किराए में बढ़ोतरी करने को लेकर कोई फैसला हुआ।
स्टूडेंट्स के लिए खास थी सिंडीकेट मीटिंग
कालेज के विद्यार्थियों की नजरें सिंडीकेट की बैठक पर टिकी थीं। विद्यार्थी शनिवार को सभी सिंडीकेट सदस्यों से भी मिले थे और उन्होंने सिंडीकेट सदस्यों से उनके पक्ष में फैसला लेने का आग्रह भी किया, लेकिन अब छात्रों को 26 सितंबर तक इंतजार करना पड़ेगा। ध्यान रहे कि इस कॉलेज की संबद्धता को पीयू ने रद्द कर दिया है।
वर्ष 2012-13 बैच के विद्यार्थियों के पेपर नहीं लिए गए हैं। कालेज ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत पीयू से परीक्षा लेने को कहा है। बैठक से पूर्व पुसू के सदस्यों ने भी हॉस्टल की मांग को लेकर सिंडीकेट सदस्यों को ज्ञापन दिया। छात्र कौंसिल ने भी सिंडीकेट सदस्यों को अपनी मांगों का ज्ञापन दिया।
सीनेट की बैठक 28 सितंबर को
पीयू सीनेट की अगली बैठक 28 सितंबर को होगी। इससे पहले 27 सितंबर को पीयू में बने कालेज भवन का उद्घाटन होगा। 26 सितंबर को सिंडीकेट की बैठक होगी। ऐसे में सितंबर का अंतिम सप्ताह पीयू के लिए काफी महत्वपूर्ण रहेगा।
यह फैसले हुए बैठक में
- यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन लर्निंग में एमएफसी कोर्स इस सत्र से बंद होगा। यह कोर्स यूजीसी के निर्देश पर बंद हो रहा है
- पीयू के कर्मचारियों को अब पीजीआई के रेट पर प्राइवेट रूम के लिए एक हजार की जगह 1500 रुपये प्रतिदिन के मिलेंगे
- पीयू के राजनीति शास्त्र विभाग में इलेक्ट्रिसिटी के काम के लिए 5.56 लाख रुपये मंजूरी
- पीयू के विभिन्न विभागों में हुई नियुक्तियां मंजूर और कई शिक्षकों की कंफर्मेशन को मंजूरी
- एकेडमिक कौंसिल की सिफारिशों को मंजूरी
- पीयू स्पोर्ट्स कमेटी की एक्जीक्यूटिव कमेटी की सिफारिशों को मंजूरी
- एक अप्रैल, 2014 से 31 मार्च 2015 के लिए सीपीएफ और जीपीएफ का ब्याज दर 9.25 प्रतिशत होगा
- पीयू के संशोधित बजट को मंजूरी
- पीजी गवर्नमेंट कालेज में चल रहे कोर्स के नाम में बदलाव को मंजूरी
- शिक्षकों के लीव केस को मंजूरी
- छात्रों की पीएचडी डिग्री को मंजूरी