पीयू स्टूडेंट सेंटर पर दो छात्र संगठनों अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन(सोपू) के बीच मंगलवार को फिर टकराव होते बचा।
दोनों संगठनों द्वारा नए कार्यकारणी के सदस्यों की घोषणा की जानी थी। लेकिन दोनों ही गुटों के समर्थकों ने करीब एक घंटे तक पीयू स्टूडेंट सेंटर पर एक दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पीयू सिक्योरिटी और पुलिस अधिकारियों ने बीच बचाव कर मामले को सुलझाया। मामला बिगड़ता देख पुलिस बुलाई गई।
बिना अनुमति एबीवीपी ने निकाली कार रैली
पीयू कैंपस में एबीवीपी छात्र संगठन की नई कार्यकारिणी घोषित किए जाने के बाद 30 से 35 गाड़ियों के काफिले ने कैंपस में रैली निकाली। एबीवीपी द्वारा इस रैली को लेकर कोई अनुमति नहीं ली गई ती। उधर इस मामले को लेकर सोपू ने पीयू प्रशासन को शिकायत भी दी है।
आउटसाइडर के साथ पहुंचे एबीवीपी और सोपू नेता
एबीवीपी और सोपू के नए छात्र नेताओं की घोषणा के समय स्टूडेंट सेंटर पर दोनों छात्र संगठनों के 500 के करीब समर्थक पीयू स्टूडेंट सेंटर पर पहुंच गए, लेकिन इन समर्थकों में अधिकतर शहर के विभिन्न कालेजों से संबंधित और आउटसाइडर थे। पीयू सिक्योरिटी अधिकारियों ने जब कुछ स्टूडेंट से आईकार्ड मांगा तो वह वहां से भाग गए।
सुखजोत सिंह बने एबीवीपी प्रेसिडेंट
पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट सेंटर पर मंगलवार को एबीवीपी ने अपनी नई टीम की घोषणा कर दी है। एबीवीवी छात्र नेता दिनेश चौहान, विकाश शर्मा, गगनदीप सिंह की अगुवाई में हरमनजोत सिंह गिल को ज्वाइंट सेक्रेटरी पंजाब प्रदेश नियुक्त करने की घोषणा की गई।
गिल पिछले 3-4 सालों से एबीवीपी के साथ जुड़े हुए हैं। उधर पीयू कैंपस के लिए एमएससी फिजिक्स के छात्र सुखजोत सिंह को प्रेसिडेंट, यूआईईटी विभाग के छात्र अभिषेक लूथरा को साउथ कैंपस इंचार्ज, लॉ विभाग के साहिल को सेक्रेटरी और सुखदेव सिंह और राहुल ठाकुर को संयुक्त रूप से वाइस प्रेसिडेंट चुना गया है।
लारेन बिश्नोई बने सोपू स्टेट प्रेसिडेंट
पीयू स्टूडेंट सेंटर पर सोपू संगठन ने पीयू कैंपस टीम में लारेन बिश्नोई को भी शामिल कर लिया है। सोपू प्रेसिडेंट अमनिंद्र सिंह, चेयरमैन रुपिंदर शर्मा, जनरल सेक्रेटरी हरजिंद्र सिंह और पार्टी इंचार्ज रमन की मौजूदगी में डीएवी कालेज सेक्टर-10 के स्टूडेंट रहे लारेन बिश्नोई को सोपू का स्टेट प्रेसिडेंट घोषित किया गया है।
सोपू प्रेसिडेंट अमनिंद्र मान ने बताया कि बिश्नोई पिछले 6 साल से सोपू के साथ जुड़े हुए हैं। गौरतलब है कि सोपू के नए स्टेट प्रेसिडेंट लारेन बिश्नोई पर डीएवी कालेज में हुए कई मारपीट के मामले पुलिस में दर्ज हैं।