प्रवेश परीक्षा फार्म के साथ लगने वाले किसी भी प्रमाण पत्र की फोटोस्टेट कॉपी को अब सत्यापित करने के लिये छात्रों को अधिकृत अधिकारियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने स्वयं सत्यापित प्रमाण पत्रों को वैद्य करार दे दिया है। छात्र किसी भी तरह के अपने दस्तावेजों को सेल्फ अटेस्टिड (स्वंय सत्यापित) लिख कर उसे साइन का सत्यापित कर सकेगा।
इसमें हस्ताक्षर के नीचे छात्र को अपना पूरा नाम लिखना होगा। इस सुविधा के साथ ही छात्र को अपनी जिम्मेदारी स्वयं लेनी होगी कि जो प्रमाण पत्र सत्यापित किये गए वो सही है, उसमें किसी तरह की गड़बड़ी नहीं है।
लाखों छात्रों को मिलेगा फायदा
प्रदेश विश्वविद्यालय ने यह सुविधा गहन मंथन और विचार करने के बाद शुरू की है। स्वयं सत्यापन को गठित दूसरे प्रशासनिक सुधार आयोग की बाहरवीं रिपोर्ट में नागरिक केंद्रित प्रशासन की ओर से जारी दिशा निर्देशों को विश्वविद्यालय ने अपनाया है।
इस सुविधा के शुरू होने से विवि के विभिन्न प्रवेश परीक्षा के लिये आवेदन करने की इन दिनों चल रही प्रक्रिया के समय में प्रदेश भर के लाखों छात्रों को राहत मिलेगी। अब वे फार्म के साथ आवश्यक दस्तावेजों को स्वयं सत्यापित कर सीधे जमा करवा सकेंगे।
इन्हें कर सकेंगे सत्यापित
विश्वविद्यालय ने बाकायदा प्रमाण पत्रों की सूची दी है जिन्हें छात्र स्वयं सत्यापित कर सकते है।
इनमें शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, अपना पास पोर्ट साइज फोटो, जाति, आय, चरित्र, जनजाति और निवास-स्थान प्रमाण पत्र शामिल हैं।