केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के नौंवी से लेकर 12वीं तक के छात्र फिर मॉडल पेपर से परीक्षाओं की तैयारी को अंतिम रूप दे सकेंगे। बोर्ड ने दो साल पहले मॉडल पेपर छापने बंद कर दिए थे। दो साल से सैंपल पेपर के तौर पर यह बोर्ड वेबसाइट पर ही उपलब्ध थे।
प्रकाशक कर रहे थे मनमानी
सीबीएसई अधिकारी ने बताया कि निजी प्रकाशकों की मनमानी बढ़ती जा रही है। बेहद महंगे मॉडल पेपर मार्केट में लाए जा रहे हैं, जिनसे छात्रों को खास फायदा नहीं होता है।
बोर्ड दो साल से वेबसाइट पर सैंपल पेपर दे रहा है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को लाभ नहीं मिल पा रहा था।ॉ
बोर्ड फिर से छापेगा सैंपल
अब बोर्ड ने फैसला किया है कि वह दोबारा कम दाम वाले सैंपल पेपर छापेगा। इसे मामूली शुल्क पर स्कूलों को उपलब्ध कराया जाएगा। यह जनवरी तक आने की संभावना है। जो छात्र अंतिम परीक्षा देने जा रहे होंगे, वह इसके जरिए तैयारियों को अंतिम रूप दे सकते हैं।
दो साल पहले बोर्ड में इस पर विवाद भी हुआ था कि बोर्ड से प्रकाशित मॉडल पेपर के चलते छात्रों के अंकों में इजाफा होता जा रहा है, इसलिए बोर्ड ने प्रकाशन बंद किया था। दो साल से लगातार बेहतरीन रिजल्ट के बाद अब बोर्ड ने यह विवाद खारिज कर दिया है।
दून इंटरनेशनल स्कूल उप प्राचार्य दिनेश बड़थ्वाल ने कहा कि दोबारा प्रकाशन होने से उन छात्रों को भी फायदा होगा, जो वेबसाइट से सैंपल पेपर आसानी से हासिल नहीं कर पाते थे।