जम्मू विश्वविद्यालय में हुई अंतर कालेज हैंडबाल प्रतियोगिता में सोमवार को खेले गए फाइनल मैच में पुरुषों के मुकाबले में गवर्नमेंट एमएएम कालेज के खिलाड़ियों ने हैंडबाल प्रतियोगिता की ट्राफी अपने नाम की।
इसके अलावा महिला वर्ग में हुए खिताबी मुकाबले में जेयू के पीजी विभाग की छात्राओं ने भी जोश और उत्साह के साथ खेलकर ट्राफी पर कब्जा जमाया। सोमवार को शारीरिक शिक्षा विभाग के डायरेक्टर प्रो. ध्यान सिंह भाऊ की देखरेख में जेयू परिसर में मैच खिलाए गए।
हैंड बाल के फाइनल मैच में पुरुषों के मुकाबले में गवर्नमेंट एमएएम कालेज ने जीजीएम साइंस कालेज को 20-14 से शिकस्त देकर ट्राफी पर कब्जा जमाया। वहीं महिलाओं के मुकाबले के दौरान फाइनल मैच में पीजी विभाग की छात्राओं ने गांधी नगर गवर्नमेंट महिला कालेज की छात्राओं को बड़ी ही आसानी के साथ 12-6 से हराकर हैंडबाल की ट्राफी को अपने नाम किया। फाइनल मैच के खत्म होने के बाद खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर प्रोत्साहित किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित हुए जम्मू विवि के एग्जामिनेशन कंट्रोलर प्रो. केशव शर्मा ने खिलाड़ियों को ट्राफी दी। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान डा. विनोद बख्शी, सुमनेश शर्मा, नारायणी बलवीर सिंह, गौतम शर्मा, विकेश शर्मा, राजकुमार, रविश वेद, गगन कुमार, पीडी सिंह, जय भारत और अन्य सदस्य उपस्थित थे।