अब विश्वविद्यालय अनुदान आयोग और इसके माध्यम से दी जाने वाली किसी भी तरह की छात्रवृत्ति, फेलोशिप डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) पब्लिक फाइनेंस मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) के तहत ही मिलेगी।
पात्र छात्र को उसके खाते में ही छात्रवृत्ति और फेलोशिप मिलेगी। यूजीसी ने अब छात्रवृत्ति और फेलोशिप देने की प्रक्रिया को इसी तरह से देने का निर्णय ले लिया है। प्रदेश विश्वविद्यालय ने यूजीसी के फैसले और उस पर आए आदेशों के बाद इस प्रक्रिया को लागू करने के लिए पात्र छात्रों से आवश्यक दस्तावेज मंगवाए हैं।
ये दस्तावेज इस महीने की 27 तारीख तक जमा करवाने होंगे। जो छात्र दस्तावेज जमा नहीं करवाएंगे, उनकी छात्रवृत्ति की किश्त रुक सकती है।
27 जनवरी तक जमा करवाने होंगे दस्तावेज
जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में ही जेआरएफ और अन्य फे लोशिप लेने वाले छात्रों की तादाद सबसे अधिक है। विश्वविद्यालय की अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. गिरीजा शर्मा ने सभी छात्रों को आदेश जारी किए हैं कि यदि वे ऐसी कोई भी छात्रवृत्ति या फेलोशिप ले रहे हैं, तो हर हाल में 27 जनवरी तक संबंधित विभाग में जरूरी दस्तावेज जमा करवाएं।
विभागों के माध्यम से आने वाले इन दस्तावेजों के नंबर और स्कैन कॉपी अधिष्ठाता अध्ययन कार्यालय ऑनलाइन एंटर करेगा। उन्होंने माना कि एचपीयू में सैकड़ों की तादाद में छात्र फेलोशिप और तरह-तरह की छात्रवृत्ति के रूप में वित्तीय लाभ ले रहे हैं। इसलिए उन्होंने सभी पात्र छात्रों से कहा है कि वे छुट्टियों के बावजूद जल्द से जल्द दस्तावेज विभाग और डीएस कार्यालय में जमा करवाएं।
ये दस्तावेज जमा करवाने होंगे
डीबीटी और पीएफएमएस के तहत छात्रवृत्ति और फेलोशिप सीधे खाते के माध्यम से लेने के लिए छात्रों को वोटर कार्ड आईडी/आधार कार्ड/ड्राइविंग लाइसेंस/पासपोर्ट नंबर के साथ ही अपना ई मेल आईडी और मोबाइल या संपर्क फोन नंबर और दस्तावेज की प्रति जमा करवानी होगी।
विवि के कुछ छात्र पहले से खाते में ले रहे फेलोशिप
एचपीयू के कुछ विभागों के छात्र पहले ही ऑनलाइन खाते में फेलोशिप और छात्रवृत्ति ले रहे हैं, इसके लिए उन्होंने पहले ही आवश्यक दस्तावेज जमा करवा रखे हैं। अब ये आदेश शेष बचे छात्रों के लिए जारी किए गए हैं।
वीसी ने मुख्यमंत्री को भेंट किया कलेंडर
शिमला। हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी ने कलेंडर भेंट किया। कलेंडर में पिछले चार वर्षों में विवि में हुई शैक्षणिक, प्रशासनिक सहित तमाम गतिविधियों को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है।
22 मार्च से शुरू होंगी एलएलएम एमफिल परीक्षाएं
एचपीयू इस बार एलएलएम/एमफिल/एम टैक/ पीजी डिप्लोमा इन साइकोलॉजी के पहले और दूसरे रेगूलर एलएलएम/एमफिल/ दूसरे और चौथे पीजी डिप्लोमा इन साइकोलॉजी के दूसरे सेमेस्टर और रि-अपीयर परीक्षाएं 22 मार्च से करवाएगा।
इन परीक्षाओं के लिए 18 फरवरी तक परीक्षा फार्म जमा करवाने की तिथि तय की गई है। इसके बाद जमा होने वाले परीक्षा फार्म पर विवि के नियमों के तहत लेट फीस ली जाएगी।