हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने पुराने ईयर सिस्टम के तहत यूजी डिग्री में बीए और बीकॉम के छात्रों को इक्डोल से परीक्षा में बैठने का मौका दिया है। मार्च 2014 में प्रथम वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके और द्वितीय वर्ष की परीक्षा पास करने वाले छात्रों को दूरवर्ती शिक्षा एवं मुक्त अध्ययन संस्थान के माध्यम से प्रवेश और परीक्षा फार्म भरकर 16 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षा में बैठ सकते हैं।
इसके लिए 26 फरवरी तक इक्डोल से प्रवेश लेने और परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यह छूट सिर्फ यूजी के बीए और बीकॉम ईयर सिस्टम के द्वितीय और तृतीय वर्ष के छात्रों को दी गई है।
ये रहेगी फीस
विवि के इक्डोल निदेशक प्रो. रमेश कौंडल ने कहा कि कि बीए द्वितीय वर्ष के छात्रों के लिए 6,900 और बीकॉम द्वितीय वर्ष के छात्रों के लिए 7,100 रुपये फीस तय की गई है। छात्र 26 फरवरी तक प्रवेश ले सकेंगे।
जो छात्र-छात्राएं किसी कारण से बीए एवं बीकॉम अंतिम वर्ष में प्रवेश नहीं ले पाए हैं, वे सामान्य परीक्षा शुल्क तथा इक्डोल की प्रवेश फीस चुकाकर बीए एवं बीकॉम तृतीय वर्ष मार्च 2015 में होने वाली परीक्षा में बैठ सकते हैं।
निर्धारित तिथि के बाद आवेदन करने वालों से लेट फीस ली जाएगी।
अब 27 को होगी एमबीए की परीक्षा
प्रदेश विश्वविद्यालय ने एमबीए तीसरे/चौथे सत्र के इक्डोल छात्रों की एचआरएम-06 पेपर की परीक्षा 27 फरवरी को सायंकालीन सत्र में 2 बजे से 5 बजे तक विधि विभाग के परीक्षा केंद्र में करवाने का निर्णय लिया है।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्यामलाल कौशल ने बताया कि यह परीक्षा पहले 21 दिसंबर, 2014 को निर्धारित की गई थी। बाद में 14 जनवरी, 2015 को निश्चित की गई। बहुत से छात्र परीक्षा की तिथियों में फेरबदल करने की सूचना न मिलने से परीक्षा नहीं दे पाए थे।
इसलिए विवि ने ऐसे छात्रों को 27 फरवरी को एमबीए के तीसरे/चौथे सत्र की एचआरएम-06 की परीक्षा दोबारा करवाने का फैसला लिया है।