हिमाचल विश्वविद्यालय ने प्रदेश के मेडकिल कॉलेजों में एमबीबीएस/बीडीएस में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आल इंडिया पीएमटी- 2014 की राष्ट्रीय और राज्य स्तर की मेरिट के आधार पर एडमिशन मिलेगी।
पीएमटी का परिणाम घोषित कर दिया गया है। विवि की वेबसाइट hpuniv.in पर आवेदन फार्म और काउंसलिंग शेड्यूल की जानकारी उपलब्ध करवा दी गई है। मेरिट के आधार पर 14 जून तक आवेदन करना होगा।
सामान्य वर्ग के छात्रों को 1000 और आरक्षित वर्ग के छात्रों को 500 रुपये फीस देनी होगी। 20 से 24 जून तक काउंसलिंग होगी। 18 जून तक विवि की प्रवेश परीक्षा शाखा मेरिट तैयार कर वेबसाइट पर उपलब्ध करवाएगी।
विवि के परीक्षा नियंत्रक नरेंद्र अवस्थी ने कहा कि छात्र विवि की साइट पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उधर, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डा. जयश्री शर्मा ने बताया कि ऑन द रिकॉर्ड निदेशालय को कुछ भी प्राप्त नहीं हुआ है।