मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे विवि कर्मचारी एक अगस्त से कामकाज ठप कर सकते हैं। जेसीसी ने इसका फैसला लिया है। मांगों के पूरा न होने से गुस्साए कर्मचारियों ने विवि प्रशासन को इसकी चेतावनी दे दी है।
इससे पहले 25 जुलाई को भी जेसीसी की बैठक होनी है जिसमें आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। एचपी यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेता गीता राम ठाकुर, धर्म दास, कोर्ट सदस्य तेज राम शर्मा, ईसी सदस्य चौधरी वरयाम सिंह बैंस ने कहा कि अब आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर विवि प्रशासन का रवैया नकारात्मक बना हुआ है। प्रदेश सरकार की ओर से विवि को अतिरिक्त अनुदान नहीं मिल रहा है।
वहीं, वित्त सचिव जो पूर्व सरकार में भी इसी पद पर तैनात थे, वे मुख्यमंत्री के सामने विवि को लेकर गलत तथ्य पेश कर गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। इसका खामियाजा यूनिवर्सिटी को भुगतना पड़ रहा है।