राजधानी देहरादून में टीईटी परीक्षा के दौरान एक छात्रा उत्तर पुस्तिका लेकर फरार हो गई।
परीक्षा केंद्र के संचालक ने पहले तो छात्रा को काफी तलाशा, मगर उसके नहीं मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी। उधर, राजपुर थाना पुलिस ने इस मामले में अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक छात्रा का नाम प्रमीला पुत्र परम निवासी देहराखास बताया जा रहा है। बताया गया कि बुधवार को परीक्षा के दौरान एक परीक्षा केंद्र राजपुर थाना क्षेत्र में शहनसाही इंटर कॉलेज में था। वहां कई परीक्षार्थियों के साथ उक्त छात्रा भी परीक्षा दे रही थी।
पहले उत्तर पुस्तिका तथा बाद में प्रश्नपत्र वितरित किया गया। थोड़ी देर बाद एक छात्रा वहां से बाहर निकली। परीक्षा कक्ष में तैनात निरीक्षक उसके आने का इंतजार करते रहे। काफी देर होने के बाद उसकी तलाश शुरू की।
पता चला कि उक्त छात्रा उत्तर पुस्तिका साथ ही ले गई है। कॉलेज के परिसर में पूरी तलाशी के बाद निरीक्षक ने परीक्षा केंद्र के संचालक को सूचना दी। बाद में परीक्षा केंद्र के संचालक प्रकाश चंद्र सुयाल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।