30 मार्च से हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। सोमवार को वाणिज्य विभाग की परीक्षाएं शुरू हुई। इसमें करीब 10 हजार छात्र शामिल हुए।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. केडी पुरोहित ने बताया के अवकाश व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं को देखते हुए परीक्षा कार्यक्रम में कुछ बदलाव किया गया है। इसके तहत 3 अप्रैल को होने वाले वाणिज्य विभाग के प्रश्नपत्रों की परीक्षा अब 16 अप्रैल को होगी।
बीकॉम के पर्यावरण विषय की परीक्षा 16 के बजाय 28 अप्रैल को होगी। बीकॉम तृतीय वर्ष के पांचवें ग्रुप के प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा 13 के स्थान पर 23 अप्रैल को होगी। बीएससी रसायन विज्ञान के तृतीय प्रश्नपत्र की परीक्षा 11 के बजाय 13 अप्रैल को होगी।
बीए तृतीय वर्ष की मनोविज्ञान विषय के प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा 13 के बजाय 17 अप्रैल व द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा 15 के स्थान पर 21 अप्रैल को होगी। बीए प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष चित्रकला विषय के प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा 7 मई के स्थान पर 12 मई व द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा 9 के स्थान पर 16 मई को होगी।
विवि की वेबसाइट को रखें अपडेट: कुलपति
गढ़वाल विवि के कुलपति ने विवि की वेबसाइट को अपडेट रखने के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों ने वेबसाइट अपडेट नहीं होने की शिकायत कुलपति से की थी। विवि के सिस्टम मैनेजर ने इसकी वजह शिक्षकों की ओर से सूचना न मिलना बताया।
सोमवार को गढ़वाल विवि के सीनेट हाल में कुलपति ने स्कूलों के डीन और विभागाध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में अब तक लिए गए निर्णयों की प्रगति पर चर्चा की गई। शिक्षकों ने शिकायत की है कि विवि की वेबसाइट अपडेट नहीं हैं। सिस्टम मैनेजर संजीव श्रीवास्तव ने इसका जिम्मेदार शिक्षकों को ही बताया।
कहा कि शिक्षक उन्हें जानकारी उपलब्ध नहीं कराते हैं। कुलपति प्रो. जवाहर लाल कौल ने शिक्षकों को सभी जानकारी समय पर सिस्टम मैनेजर को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा बैठक में गांवों को गोद लेने, परीक्षा का परिणाम समय पर घोषित करने, केंद्रीय मूल्यांकन आदि विषयों पर भी चर्चा की गई।
कुलपति ने इन निर्णयों पर अब तक हुई प्रगति का विवरण लिया। बैठक में कुलसचिव प्रो. पीएस राणा, ओएसडी प्रो. डीएस नेगी सहित सभी डीन व विभागाध्यक्ष मौजूद थे।