यूपी बोर्ड में 9वीं के पंजीकरण में फर्जीवाड़ा कर रजिस्ट्रेशन कराने का मामला सामने आया है।
कॉलेज ने ऑनलाइन पंजीकरण में फर्जी चालान नंबर डालकर स्टूडेंट्स के पंजीकरण करा डाले।
जांच में मामला पकड़ में आ गया है। फर्जीवाड़ा करने वाले चंद्रा आदर्श पब्लिक स्कूल को सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक ने तीन दिन में अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया है।
यूपी बोर्ड में बोर्ड परीक्षा से पहले 9वीं और 11वीं में नामांकन कराना पड़ता है। बोर्ड फॉर्म भराते समय नामांकन संख्या के आधार पर ही परीक्षार्थी की पहचान होती है।
यूपी बोर्ड में हर साल 9वीं और 11वीं में फर्जी पंजीकरण की शिकायतें सामने आती हैं। ऐसे में इस बार यूपी बोर्ड में पहली बार ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था लागू की गई है।
ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि एक अक्तूबर रखी गई थी। एक अक्तूबर तक सभी कॉलेजों को उनके यहां 9वीं और 11वीं में पढ़ने वाले बच्चों का पंजीकरण माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर किया जाना था।
सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक जे.के वर्मा के अनुसार मोहनलालगंज स्थित चंद्रा आदर्श पब्लिक स्कूल ने एक अक्तूबर को अपने यहां 9वीं में पंजीकृत कराए गए 17 स्टूडेंट्स का ब्यौरा फर्जी चालान संख्या डालकर डाउनलोड किया।
जबकि चालान संख्या फीस करते समय मिलता है। इसके बाद कॉलेज ने तीन अक्तूबर को कोषागार में चालान के माध्यम से फीस जमा कर दी।
फीस जमा करने के बाद कॉलेज की ओर से डाउनलोड ब्यौरे की हार्ड कॉपी के साथ तीन अक्तूबर की तिथि वाला चालान फॉर्म जमा किया गया। जांच में मामला सामने आ गया।