फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस ने उपद्रवी छात्रनेताओं को कॉलेज में किया ‘कैद’

Fri, 19 Dec 2014 11:23 AM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
सांध्यकालीन कक्षाओं के संचालन की मांग पर एक दिन पूर्व दून के डीएवी महाविद्यालय में तोड़फोड़ करने वाले छात्रनेता गुरुवार को महाविद्यालय में ही ‘कैद’ रह गए।
विज्ञापन


आंदोलन तेज करने की दी थी चेतावनी
छात्रनेता महाविद्यालय में जुटे, लेकिन बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती देख मुख्यमंत्री आवास कूच करने की घोषणा टाल दी। सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंप आंदोलन तेज करने की चेतावनी जरूर दी गई।

सांध्यकालीन कक्षाओं में दाखिले और शिक्षकों की भर्ती की मांग पर महाविद्यालय के छात्रनेता मंगलवार को मोबाइल टावर पर चढ़ गए थे। बुधवार को प्राचार्य कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की गई। घोषणा की गई थी कि गुरुवार को दोपहर 12:30 बजे मुख्यमंत्री आवास कूच किया जाएगा। लेकिन पुलिस उपद्रवी छात्रों से निपटने के लिए तैयार थी।
विज्ञापन


सुबह ही एसपी सिटी अजय सिंह भारी पुलिस बल के साथ महाविद्यालय के गेट पर पहुंच गए। पुलिस के तेवर और टकराव की आशंका को देखते हुए छात्रनेताओं ने सीएम आवास कूच रद्द कर दिया। बाद में शाम को छात्र संघर्ष समिति ने सिटी मजिस्ट्रेट जीसी गुणवंत को ज्ञापन सौंपा।

कहा कि सांध्यकालीन कक्षाओं में प्रवेश और प्राचार्य को हटाने के लिए दो दिन पहले मुख्यमंत्री से बातचीत हुई थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। समिति के अध्यक्ष पारस गोयल और महामंत्री जगवीर असवाल ने चेतावनी दी कि 19 दिसंबर तक कार्रवाई न हुई तो आंदोलन उग्र किया जाएगा।

पुलिस की रणनीति सफल
डीएवी महाविद्यालय के छात्रनेता दो दिन से पुलिस की फजीहत करवा रहे थे। ऐसे में बृहस्पतिवार को छात्रनेता सड़कों पर निकलते तो अराजकता की आशंका थी। सूत्रों के मुताबिक इसे देखते हुए पुलिस ने छात्रों के बीच यह जानकारी पहुंचा दी कि बुधवार की तोड़फोड़ की वीडियो क्लिप पुलिस को मिल चुकी है।

जो भी छात्रनेता इसमें शामिल हैं, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। महाविद्यालय गेट पर भारी पुलिस बल की तैनाती से भी कड़ा रुख अपनाए जाने का संदेश दिया गया। जानकारी मिलते ही छात्रनेताओं ने कदम रोक लिए।

उन्हें डर था कि मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान स्थिति बिगड़ी तो पुलिस उन पर हावी हो जाएगी। कोई गड़बड़ हुई तो वे सीधे अंदर जाएंगे। टकराव टालने और हुड़दंग की आशंका खत्म करने की पुलिस की यह रणनीति कामयाब रही।

मैं तो नहीं दिख रहा...?
प्राचार्य कार्यालय में तोड़फोड़ के मामले में अभी अज्ञात छात्रों पर मुकदमा दर्ज है। लेकिन पुलिस के हाथ वीडियो क्लिप लगने की जानकारी मिलने के बाद से छात्रनेताओं के हाथ-पांव फूल गए हैं।

पुलिस सूत्रों की मानें तो इस वीडियो क्लिप में कई छात्रनेताओं के चेहरे साफ पहचाने जा रहे हैं। ऐसे में गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारी के बजाय छात्रनेता यही चर्चा करने में व्यस्त दिखे कि कहीं वे भी तो क्लिप में नहीं दिख रहे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें