दिल्ली विवि छात्रसंघ (डूसू) चुनावों की तारीख की घोषणा के साथ ही कैंपस में छात्र संगठनों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। छात्र संगठन अपने-अपने तरीके से मैदान में उतर चुके हैं। इस बार डूसू चुनावों में एफवाईयूपी बनाम सी-सैट मुद्दा अन्य मुद्दों पर हावी रहने की संभावना है।
कैंपस के विभिन्न कॉलेजों में पहुंचकर संगठन अपने-अपने मुद्दों से छात्रों को परिचित कराने मे जुट गए हैं। बताते चलें कि दिल्ली विवि छात्रसंघ चुनाव 12 सितंबर को होने हैं।
हर बार की तरह दो प्रमुख छात्र संगठन एबीवीपी और एनएसयूआई के बीच मुकाबला कड़ा रहने की संभावना है। हालांकि एफवाईयूपी को रोल बैक कराने की नींव तैयार करने वाला संगठन आइसा (ऑल इंडिया स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन) इस बार दोनों संगठनों को टक्कर दे सकता है।