डीएवी परास्नातक महाविद्यालय के प्राचार्य कार्यालय में तोड़फोड़ और हाजिरी मशीन तोड़ने के मामले में पुलिस ने 30 छात्रों पर मुकदमा दर्ज किया है।
तीन दिन में जवाब देने को कहा
हाईकोर्ट की सख्ती के बाद डालनवाला पुलिस ने बलवे, तोड़फोड़ के आरोप में 30 छात्र नेताओं और समर्थकों को आरोपी बनाया है। नोटिस भेजकर सभी को तीन दिन में जवाब देने को कहा गया है।
डीएवी में बीते माह सांध्यकालीन कक्षाओं के लिए आंदोलित छात्रों ने उग्र होकर प्राचार्य कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी। जनसंचार विभाग में लगी हाजिरी मशीन भी तोड़कर फेंक दी। मामले में प्राचार्य की शिकायत पर डालनवाला पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया, लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी।
मामले में हाईकोर्ट की सख्ती के बाद पुलिस ने शनिवार को 30 छात्रों को नोटिस जारी कर दिए हैं। गंभीर धाराओं में दर्ज मामले का नोटिस मिलते ही छात्र नेताओं में हड़कंप मच गया।
इंस्पेक्टर डालनवाला अनिल जोशी ने बताया कि विवेचना के आधार पर इन छात्रों को आरोपी बनाया गया है। उनका पक्ष जानने के लिए नोटिस जारी किए हैं। जल्द ही कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल कर दिया जाएगा।
अंतिम दिन फार्म जमा करने टूटी भीड़
डीएवी महाविद्यालय में परीक्षा फार्म भरने के अंतिम दिन 1500 से ज्यादा फार्म जमा किए गए। महाविद्यालय में द्वितीय और तृतीय वर्ष के लिए दाखिले सोमवार से शुरू होंगे। डीएवी में शनिवार प्रथम वर्ष के परीक्षा फार्म जमा करने का अंतिम दिन था।
आखिरी दिन बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा फार्म जमा करने पहुंचे। सुबह से मुख्य कार्यालय और वाणिज्य संकाय की ओर छात्रों की लंबी-लंबी कतार लग गईं। दिनभर में 1500 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने परीक्षा फार्म जमा किए।
प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया कि सोमवार से द्वितीय और तृतीय वर्ष के प्रवेश शुरू हो जाएंगे। इन छात्रों के दाखिले की अंतिम तिथि 16 जनवरी और फार्म जमा की तारीख 17 जनवरी है।
अधूरा पेपर 16 जनवरी को
गढ़वाल विवि ने एमए प्रथम सेमेस्टर की रद्द परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है। यह परीक्षा 16 जनवरी को कराई जाएगी। पहले यह परीक्षा अधूरा प्रश्न पत्र आने के चलते रद्द कर दी गई थी।
प्राचार्य डॉ. भसीन ने बताया कि विभिन्न कक्षाओं के बचे हुए समाजशास्त्र, जंतु विज्ञान, भूगर्भ विज्ञान और वानिकी के पेपर 16 से 18 जनवरी के बीच कराए जाएंगे।
कैमरे कैद हुई डीएवी की हालत
डीएवी में दाखिलों समेत कई अनियमितताओं की जांच कर रही उच्च स्तरीय जांच समिति ने शनिवार को महाविद्यालय की दयनीय स्थिति कैमरे में कैद कराई। समिति के बुलावे पर आए छायाकार ने हर विभाग की फोटोग्राफी की। जांच समिति की रिपोर्ट में कालेज के इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी फोकस किया जाएगा।