नौकरी करने के साथ ही तकनीकी शिक्षा पाने की चाह रखने वाले लोगों की मुराद जल्द ही पूरी हो सकती है। बीटेक सहित कुछ अन्य तकनीकी कोर्स को पत्राचार के जरिये शुरू करने के लिए ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई) ने मानव संसाधन विकास मंत्रालय को एक प्रस्ताव भेजा है।
वहां से स्वीकृति मिलते ही काउंसिल इसका संचालन शुरू करने की तैयारी में है। ऐसा पहली बार है जब इंजीनियरिंग की पढ़ाई को डिस्टेंस लर्निंग मोड से शुरू करने की पहल होगी।
एआईसीटीई के वाइस चेयरमैन प्रो. अविनाश एस पंत ने बताया कि पिछले कुछ सालों में शिक्षा में इनफॉर्मेशन कम्यूनिकेशन टेक्नोलॉजी का प्रयोग काफी बढ़ा है। आज आईआईटी समेत दुनिया भर के नामी संस्थानों के प्रोफेसर के लेक्चर्स को इंटरनेट के जरिये ऑनलाइन देखा व सुना जा सकता है।