कॉलेजों में दूसरे और चौथे सेमेस्टर की टर्म एंड परीक्षाओं के बाद अब प्रेक्टिकल परीक्षाओं का दौर शुरू होने वाला है। मंगलवार से प्रथम सत्र की कक्षाएं नियमित रूप से चलना शुरू हो जाएंगी।
प्रदेश विवि की कार्यकारी परिषद के प्रथम सत्र के छात्रों को बीस जुलाई तक प्रवेश लेने के लिए दी विशेष मोहलत के बाद अब नियमित कक्षाएं लगेंगी। वहीं पहले से कॉलेज में अध्ययनरत तीसरे और चौथे सत्र के छात्रों की प्रेक्टिकल परीक्षाएं शुरू हो रही हैं।
राजधानी के सेंटर आफ एक्सीलेंस कॉलेज में 25 जुलाई से लेकर पांच अगस्त तक प्रेक्टिकल परीक्षाएं चलेंगी। कॉलेज प्राचार्य डा. जेएस नेगी ने कहा कि इन परीक्षाओं के लिए शेडयूल तैयार कर दिया है। कोटशेरा कॉलेज के प्राचार्य डा. आरआर चौहान ने बताया कि कॉलेज में मंगलवार से प्रेक्टिकल परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। यह 30 जुलाई से पहले ही पूरी हो जाएंगी।
संजौली कॉलेज में रूसा सीबीसीएस के तहत यूजी डिग्री कोर्स के प्रथम सत्र में प्रवेश लेने के लिए बढ़ाई गई तिथि के बीच कोई भी नया प्रवेश नहीं हुआ। कोटशेरा कॉलेज में बढ़ाई गई तिथि के बीच करीब दो सौ छात्रों ने प्रवेश लिया। आरकेएमवी में नए प्रवेश लेने वाली छात्राओं की संख्या सैकड़ों में रही। अब इसके बाद कॉलेजों में किसी भी नए छात्र को प्रवेश नहीं मिलेगा।