एआईपीएमटी तथा जेईईई की तैयारी कर रहे सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें एग्जाम अपडेट्स के लिए स्कूल तथा अध्यापक के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पडे़गी।
सीबीएसई ने घर बैठे ई-मेल के जरिए विद्यार्थियों को एग्जाम अपडेट्स मुहैया कराने का निर्णय लिया है। सीबीएसई विद्यार्थियों को बेहतर सुविधा देने के लिहाज से यह पहल करने जा रहा है।
सीबीएसई के अधिकारियों के मुताबिक संबंधित सभी स्कूलों से 10वीं से लेकर 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की सभी प्रकार की जानकारी मांगी गई है। जिसमें उनके फोन और मोबाइल नंबर तथा ई-मेल आईडी शामिल है।
विशेषज्ञों की मानें तो इस योजना का मुख्य उद्देश्य उपरोक्त परीक्षाओं में होने वाले बदलाव तथा उसके पाठ्यक्रम के अपडेट होने से संबंधित जानकारी विद्यार्थियों को मुहैया कराना है।
10वीं कक्षा से ही विद्यार्थी कंपीटीशन की तैयारी में जुट जाते हैं। कई बार पाठ्यक्रम में बदलाव संबंधी जानकारी न होने पर भी वे पुराने पैटर्न के हिसाब से तैयारी में लगे रहते हैं। अगर उनके पास परीक्षाओं से संबंधित अपडेट्स होंगे, तो वे बेहतर तरीके से तैयारी कर पाएंगे। इसके अलावा उनका बेस भी मजबूत हो पाएगा।
इसलिए पड़ी जरूरत
सीबीएसई के अधिकारियों के मुताबिक पहले प्रवेश परीक्षाओं से संबंधित जानकारी स्कूल प्रिंसिपल को भेजी जाती रही है। जबकि पाठ्यक्रम में बदलाव की जानकारी संबंधित विषयों के टीचर्स को दी जाती रही है।
बोर्ड के नोटिस में आया है कि कई जगहों पर विद्यार्थियों को सही समय पर पूरी जानकारी नहीं मिल पाई, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा।
यही वजह है कि सीबीएसई ने यह कदम उठाया है। इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अब विद्यार्थी सीधे तौर पर ई-मेल के जरिए सीबीएसई द्वारा जारी गाइडलाइन से जुड़ जाएंगे। इस योजना से जहां विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ेगी, वहीं वे सीबीएसई द्वारा जारी सकुलर्स से भी स्वयं को अपडेट रख पाएंगे।
वर्जन
स्कूल प्रिंसिपल से विद्यार्थियों की डिटेल (ई-मेल आईडी तथा मोबाइल नंबर इत्यादि) बोर्ड में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि उन्हें एआईपीएमटी तथा जेईईई से संबंधित जानकारी सीधे मुहैया कराई जा सकें। योजना शुरू होने पर उपरोक्त एग्जाम की तैयारी कर रहे विद्यार्थी अपडेट रहेंगे।
-आरजे खांडेराव, क्षेत्रीय अधिकारी, सीबीएसई, पंचकूला जोन