सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजूकेशन (सीबीएसई) अगले वर्ष से अपनी सभी परीक्षाओं की आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर देगा।
इस निर्णय से सीधे तौर पर उन 65 लाख बच्चे व उनके अभिभावकों को फायदा होगा, जो आवेदन की ऑफलाइन प्रक्रिया के तनाव से गुजरते हैं।
साथ ही छात्राओं के लिए बड़ी योजना की शुरुआत करते हुए सीबीएसई देश भर में अपनी नई स्कीम उड़ान के तहत 50 केंद्र बना रहा है, जिनमें लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश में 3 केंद्र बनाए जाएंगे।
इनमें 10वीं में टॉप 1000 स्थानों पर आई लड़कियों को कक्षा 12 के बाद होने वाली विभिन्न परीक्षाओं के लिए कोचिंग दी जाएगी।
रविवार को वरदान इंटरनेशनल स्कूल के उद्घाटन के लिए राजधानी आए बोर्ड के सचिव जोसेफ इमैनुअल ने यह जानकारियां दी।
जोसेफ ने बताया कि 2014-15 का सत्र पूरा होने तक सीबीएसई अपनी सभी परीक्षाओं के ऑनलाइन आवेदन फॉर्म लेने की तैयारी कर चुका होगा।
इसमें 10वीं व 12वीं की परीक्षा के साथ- साथ एआईपीएमटी, जेईई व अन्य इंजीनियरिंग परीक्षाओं, सीटैट, नवोदय स्कूलों में प्रवेश परीक्षा, सीबीएसई-नेट आदि शामिल हैं। स्कूलों से कहा गया है कि वे अपने स्टूडेंट्स को ये सुविधाएं दें।