इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) में एडमिशन के लिए होने वाले कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) का खोया रुतबा बचाने के लिए नए प्रयोग किए गए हैं।
कैट नोटिफिकेशन के मुताबिक, इस साल कैट परीक्षा बीस दिन की बजाए सिर्फ दो दिन कराई जाएगी। ज्यादा से ज्यादा छात्रों को आकर्षित करने के लिए परीक्षा शहरों की संख्या भी ढ़ाई गुना तक बढ़ा दी गई है।
साल दर साल कैट में आवेदन करने वाले छात्रों की संख्या कम होती जा रही है। दो साल पहले 2.14 लाख छात्रों ने आवेदन किया और 1.95 लाख ने परीक्षा दी।
पिछले साल ये आंकड़ा 10 फीसदी गिरा। 2013 में सिर्फ 1.95 लाख ने आवेदन किया और महज 1.74 लाख ने परीक्षा दी। अब ज्यादा से ज्यादा छात्रों को मौका देने के लिए इस साल कैट का आयोजन 40 की जगह 99 शहरों में किया जाएगा।
परीक्षा 16 और 22 नवंबर को दो-दो स्लॉट में होगी। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन iimcat.ac.in पर 6 अगस्त से 30 सितंबर तक होंगे। 16 अक्तूबर को एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे।
ये भी हैं मुश्किलें
वैश्विक स्तर पर एमबीए की डिमांड कम होना, आईआईएम-कैट में सिर्फ इंजीनियरों का दबदबा होना और बी-स्कूल में एडमिशन के लिए राष्ट्रीय स्तर की पांच अन्य परीक्षाओं को सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी मिलना कैट के आवेदन कम होने की बड़ी वजहों में शामिल हैं।