तकनीकी हाथों के लिए रोजगार के द्वार खुलने जा रहे हैं। आईटीआई मंडी में देश की नाम कंपनी कैंपस इंटरव्यू के लिए आ रही है। 11 ट्रेडों में साक्षात्कार लिए जाएंगे। 30 मार्च को इंटरव्यू होंगे।
वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी नौकरी का मौका देने जा रही है। प्रदेश के किसी भी हिस्से से युवा इंटरव्यू में हिस्सा ले सकते हैं।
आकर्षक वेतनमान के साथ-साथ दूसरे भत्ते भी कंपनी की ओर से दिए जाएंगे। 11 ट्रेडों में कंपनी की ओर से सैकड़ों पद भरे जाने हैं।
कंपनी का मानना है कि कैंपस इंटरव्यू के दौरान अनलिमिटेड पद भरे जाएंगे। जो कंपनी की शर्तों को पूरा करने के साथ-साथ इंटरव्यू में उत्तीर्ण होता है, उसे नौकरी दी जाएगी।
साक्षात्कार के लिए दो साल का कोर्स अनिवार्य
जिन युवाओं ने छह माह या एक साल वाला कोर्स किया है, उन्हें इंटरव्यू में हिस्सा लेने का मौका नहीं मिलेगा। साक्षात्कार में केवल एनवीसीटी/एससीवीटी दो साल फुल टाइम कोर्स दसवीं या बारहवीं पास प्रशिक्षित युवा भाग ले सकता है।
तीन साल तक का अनुभव और फ्रेशर युवाओं को ही साक्षात्कार या लिखित परीक्षा में बैठने का मौका दिया जाएगा। कैंपस इंटरव्यू में पहले चरण में टेस्ट के माध्यम से छंटनी की जाएगी। चयनित छात्रों का कंपनी प्रबंधन की ओर साक्षात्कार लिया जाएगा।
इन ट्रेडों में पासआउट युवा ले सकेंगे हिस्सा
फिटर, टर्नर, मेकेनिस्ट, ऑटोमोबाइल, वेल्डर, पेंटर, पीपीओ, मोटर मेकेनिक, डीजल मेकेनिक, ट्रैक्टर मेकेनिक, सीओई एडवांस केवल हीट इंजन और ऑटोमोबाइल ट्रेड के लिए साक्षात्कार होंगे।
साक्षात्कार के लिए पात्र सरकारी या प्राइवेट आईटीआई से पासआउट युवा को उम्र प्रमाण पत्र और आईटीआई का प्रमाण पत्र भी साथ लाना होगा।
ये होंगे पात्र
18 से 26 वर्ष के युवा होंगे पात्र
मंडी आईटीआई में होने वाले कैंपस इंटरव्यू में 18 से 26 वर्ष के युवा ही पात्र होंगे।
ये होगा वेतनमान और भत्ते
चयनित पात्र युवा को कंपनी की ओर से 15,273 वेतन सहित अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। इनमें वर्दी और जूते, कैंटीन सुविधा 50:50 पर, बोनस, शिफ्ट अलाउंस सहित अन्य सुविधाएं शामिल हैं।
प्लेसमेंट ऑफिसर आईटीआई मंडी दिनेश कुमार ने बताया कि 30 मार्च को देश की नामी कंपनी कैंपस इंटरव्यू के लिए आ रही है। 11 ट्रेडों के साक्षात्कार कंपनी की ओर से किए जाने हैं। प्रदेश के किसी भी जिले से युवा साक्षात्कार में हिस्सा ले सकते हैं।