आभासी दुनिया (वर्चुअल वर्ल्ड) में युवाओं के सपनों को सच में बदलने की हाईटेक ब्लूटूथ डिवाइस बेची जा रही हैं। शार्टकट सिखाने वाली इस तकनीक की दुनिया इतनी गुलाबी है कि कई युवा इनके जाल में फंसकर अपराध की दुनिया में पहुंच रहे हैं।
हाईटेक ब्लूटूथ डिवाइस का प्रयोग
इस तरह जहां उनके सपनों पर स्याही पुत रही है वहीं जिंदगी भी खराब हो रही है। ये डिवाइस काफी हाईटेक बनाई गई हैं और सुरक्षा का ऐसा आभास दिलाती है कि कोई भी इनके चक्कर में फंस जाता है। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तर टियर-2 परीक्षा में रविवार को पकड़े गए नकलचियों ने ऐसी ही हाईटेक ब्लूटूथ डिवाइस का प्रयोग किया था। यदि पुलिस को पहले से इसकी भनक न लगी होती तो नकलचियों का पकड़ा जाना असंभव था।
हिडेन डिवाइस
नकलचियों के मंसूबों को कामयाब करने के लिए कंपनियों ने विशेष तौर पर हिडेन डिवाइस लांच की हैं। ऑनलाइन बाजार में 8 से 12 हजार रुपये में ये डिवाइस मिल जाती हैं। इनकी खासियत है यह कि ये शर्ट, बनियान अथवा घड़ी में लगी होती हैं। कुछ को तो कान में डाल लिया जाता है। इन्हें पहनकर कोई भी इनका आसानी से इस्तेमाल कर लेता है और किसी को खबर तक नहीं होती।
सिल कर फिट किया जाता है
बनियान में ब्लूटूथ डिवाइस को अंदर से सिल कर फिट किया जाता है। जो बाहर से नहीं दिखता लेकिन डिवाइस चुपचाप काम करती है। इसी प्रकार घड़ी, शर्ट, चश्मे वाली ब्लूटूथ डिवाइस बाजार में मौजूद हैं। रविवार को एसएससी की परीक्षा में पकड़े गए नकलची भी यह बात स्वीकार कर चुके हैं कि एसएससी की टियर-1 की परीक्षा में वह इसी ब्लूटूथ डिवाइस का इस्तेमाल कर चुके हैं। रविवार को आयोजित परीक्षा में यदि पुलिस को पहले से सूचना न आती तो नकलची अपने मंसूबों में कामयाब हो जाते।
ऑटो कॉल रिसीव
कान के भीतर लगाई गई या किसी भी इनविजिबल ब्लूटूथ डिवाइस में कॉल रिसीविंग का कोई झंझट नहीं होता है। इसमें पहले से ही ऑटो कॉल रिसीव का काम कर रहा होता है। नकल माफिया की ओर से ऐसा नंबर दिया जाता है जिसका इस्तेमाल पहले न हुआ हो। माफिया परीक्षा शुरू होते ही इस नंबर पर कॉल मिलाता है, जिसके बाद कॉल खुद रिसीव हो जाती है। खास बात यह है कि इस डिवाइस का माइक्रोफोन इतना सेंसिटिव होता है कि खांसने की आवाज को भी बाहर भेज देता है।
एग्जाम इक्विपमेंट्स
ऑनलाइन बाजार को जब खंगाला गया तो चौंकाने वाली बातें सामने आईं। एक वेबसाइट पर तो धड़ल्ले से ‘एग्जाम इक्विपमेंट्स’ के नाम से हिडेन ब्लूटूथ बेची जा रही हैं। यह हिडेन ब्लूटूथ ही रविवार को दून में भी पकड़ी गई थी। वेबसाइट पर इसकी कीमत 145 यूरो दिखाई गई है, जोकि एक क्लिक पर दस दिन के भीतर बताए गए पते पर भेज दी जाती है।