डीएवी महाविद्यालय में अंगूठे से हाजिरी लगाने में आ रही दिक्कतों से पार पाने के लिए अब कालेज प्रशासन ने फोटोयुक्त हाजिरी मशीन लगा दी है।
मशीन के सामने खड़े होकर लगाई हाजिरी
मंगलवार को कॉलेज खुलने के बाद शिक्षकों ने इस मशीन के सामने खड़े होकर अपनी हाजिरी लगाई। डीएवी कॉलेज में हाईकोर्ट के आदेशों के क्रम में हाजिरी (बायोमीट्रिक) मशीन लगाई गई थी।
इस मशीन में करीब दस शिक्षकों को अंगूठे से हाजिरी लगाने में परेशानी हो रही थी। इसकी शिकायत कॉलेज प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन को गई तो उन्होंने फोटो से हाजिरी लगाने वाली मशीन लगवा दी। मंगलवार को यह मशीन शुरू हुई।
शिक्षकों ने मशीन के सामने खड़े होकर फोटो खिंचवाया तो उनकी हाजिरी लग गई। इस मशीन में अंगूठे से भी हाजिरी लगाने का विकल्प है। प्राचार्य ने बताया कि जल्द ही सभी उपस्थिति रजिस्टर हटवा लिए जाएंगे।
कल दाखिले का अंतिम दिन डीएवी में द्वितीय व तृतीय वर्ष के बचे हुए छात्रों के दाखिले का अंतिम दिन अब 29 जनवरी तय किया गया है। मंगलवार को एबीवीपी और एनएसयूआई सहित कई छात्र संगठनों ने प्राचार्य से तिथि बढ़ाने की मांग की थी।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया कि अब छात्रों को केवल एक दिन एडमिशन और परीक्षा फार्म जमा करने का मौका दिया जाएगा। इसके लिए छात्र 29 जनवरी को आ सकते हैं।