हरियाणा सरकार की ओर से वर्ष 2012 में नियुक्त किए गए जेबीटी शिक्षकों की भर्ती में वेटिंग सूची और 2013 में एचटेट पास करने वाले उम्मीदवारों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है।
मौलिक शिक्षा के निदेशक एचएस खरब ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में शपथ पत्र दाखिल कर कहा है कि वेटिंग और 2013 एचटेट के चयनित उम्मीदवारों को मिलाकर संख्या 11681 बनती है और जेबीटी के 16254 पद रिक्त पड़े हैं।
हाईकोर्ट ने याचिका का निपटारा करते हुए इन्हें नियुक्ति देने का निर्देश दे दिया है। अभी 9455 जेबीटी भर्ती का विवाद हाईकोर्ट में विचाराधीन है।
इसी भर्ती के वेटिंग सूची वालों ने पद रिक्त होने के कारण नियुक्ति पत्र देने की मांग की थी। इसी दौरान वर्ष 2013 के एचटेट पास उम्मीदवार भी हाईकोर्ट पहुंचे थे और खाली पड़े पदों का हवाला देते हुए नियुक्ति की मांग की थी। उनका भी चयन हो चुका है, लेकिन नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए थे।