बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विवि में 11वीं, 12वीं पंचवर्षीय योजना के तहत हुए निर्माण कार्यों की जांच की जाएगी। यह निर्णय गुरुवार को विवि में बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में लिया गया।
वहीं, विवि के नए परीक्षा नियंत्रक अब प्रो. जेपी पांडेय होंगे। बीबीएयू में गुरुवार को हुई बैठक में बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट ने 11वीं और 12वीं पंचवर्षीय योजना में हुए निर्माण कार्यों की जांच करने पर मुहर लगाई।
हालांकि विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार प्रो. सुनीता चंद्रा का कहना है कि बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट ने जांच के बजाय निर्माण कार्य की समीक्षा करने की बात कही है।
बैठक में प्रो. जेपी पांडेय को विश्वविद्यालय का नया परीक्षा नियंत्रक नियुक्त करने पर भी मुहर लगाई गई। इसी तरह विश्वविद्यालय के चार विभागों के विभागाध्यक्ष पदों पर भी बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट ने मुहर लगाई।
होमसाइंस विभाग में प्रो. सुनीता मिश्रा और विधि विभाग में सुदर्शन वर्मा को हेड पर बरकरार रखा गया है, जबकि पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के हेड डॉ. गोविंद पांडेय का स्थान अब डॉ. गोपाल सिंह लेंगे।
इसी तरह समाजशास्त्र विभाग का नया विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष वर्मा को बनाया गया है। डॉ. मनीष वर्मा डॉ. बीबी मलिक से हेड कार्यभार लेंगे।
बॉम ने डॉ. बीबी मलिक के उनके खिलाफ चल रही जांच को समाप्त करने संबंधी अनुरोध को खारिज करते हुए जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट दाखिल करने का फैसला भी सुनाया।
बैठक में कई विभागों में शिक्षकों की नियुक्ति और पिछली छह एकेडमिक काउंसिल की बैठक में पास हुए प्रस्तावों पर भी मुहर लगाई गई।