बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म शनिवार को जारी किए जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन फॉर्म बीबीएयू की वेबसाइट www.bbau.ac.in पर उपलब्ध होंगे। अभ्यर्थी 7 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन फॉर्म हासिल कर सकेंगे।
वहीं ऑनलाइन परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 10 अप्रैल निर्धारित की गई है।
सामान्य व ओबीसी के अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म 1500 रुपये व एससी-एसटी के अभ्यर्थियों के लिए 750 रुपए का ऑनलाइन आवेदन फॉर्म मिलेगा।
वहीं बीबीएयू ने अभी कोर्सेज की फीस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है। इस बार कई कोर्सेज की फीस बढ़ेगी लेकिन अभी एकेडमिक काउंसिल की बैठक न होने के कारण यह मामला लटका हुआ है।
मई में होगी काउंसलिंग
बीबीएयू प्रशासन ने बिना फीस स्ट्रक्चर तय किए ही तय शड्यूल के अनुसार ऑनलाइन आवेदन फॉर्म जारी करने का फैसला लिया है।
बीबीएयू में इस बार अभ्यर्थी 102 कोर्सेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। बीबीएयू में 50 प्रतिशत सीटें एससी-एसटी के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रहती हैं।
ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों की प्रवेश परीक्षा 25 व 26 अप्रैल को होगी। एक मई को ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित होगा।
26 से 30 मई तक ऑनलाइन प्रवेश काउंसलिंग की जाएगी। बीबीएयू प्रशासन स्टूडेंट्स की सहूलियत के लिए यूपी के कई शहरों और देश के कई प्रमुख राज्यों की राजधानी में ऑनलाइन परीक्षा केंद्र बनाएगा। ताकि अभ्यर्थियों को ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा देने के लिए लंबा सफर न तय करना पड़ा।
17 नए कोर्स होंगे शुरू
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय में बीबीए इन फाइनेंस, बीबीए इन रिटेल व बीबीए इन टूरिज्म के साथ बीकॉम ऑनर्स व बीए ऑनर्स इन पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन समेत 17 नए कोर्स शैक्षिक सत्र 2015-16 से शुरू किए जाएंगे।
जो नए कोर्स इस बार शुरू हो रहे हैं उनमें एमएबी फाइनेंस, एमए मानव विज्ञान, एमए पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, एमए सोशल वर्क, एमफिल केमेस्ट्री, एमफिल फैमिली रिसोर्स मैनेजमेंट एमफिल फूड एंड न्यूट्रिशन, एमफिल ह्यूमन डवलपमेंट एंड फैमिली स्टडीज, एमफिल फिजिक्स व एमफिल समाजशास्त्र शामिल हैं।
इसके अलावा बैचलर ऑफ वोकेशनल (बीवोक) के कोर्स शुरू हो रहे हैं। इसमें बीवोक इन हार्टीकल्चर एंड लैंड स्केप गार्डनिंग, बीवोक इन लाइव स्टॉक प्रोडक्शन एंड मैनेजमेंट शामिल हैं। इस तरह अब सत्र 2015-16 में बीबीएयू में कुल कोर्सेज की संख्या 102 हो गई है।