उत्तराखंड के गरीब मेधावी छात्रों को इंजीनियरिंग और मेडिकल की मुफ्त कोचिंग के लिए बलूनी क्लासेज की ओर से सुपर-50 प्रवेश परीक्षा पांच जुलाई को आयोजित होने जा रही है।
इसकी आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए 25 जून तक आवेदन कर सकते हैं। बलूनी क्लासेज के चेयरमैन डा. नवीन बलूनी और एमडी विपिन बलूनी ने बताया कि सुपर-50 के तहत 50 गरीब मेधावी छात्रों का चयन किया जाता है। इनमें से 25 छात्रों को इंजीनियरिंग और 25 छात्रों को मेडिकल की कोचिंग मुफ्त कराई जाती है।
इसके साथ ही इन्हें मुफ्त में पूरा स्टडी मैटेरियल भी उपलब्ध कराया जाता है। प्रवेश परीक्षा का शुल्क चेक या बैंक ड्राफ्ट के जरिए 28 जून तक जमा करा सकते हैं। दो जून को अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड वेबसाइट से उपलब्ध हो जाएगा।
सामान्य या ओबीसी का कोई भी छात्र, जिसने 12वीं में 60 प्रतिशत अंक हासिल किए हों और पीसीबी या पीसीएम में कम से कम 55 प्रतिशत अंक हों, इसके लिए आवेदन कर सकता है। एससी/एसटी वर्ग के लिए 12वीं में 50 फीसदी अंक और पीसीबी और पीसीएम में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक की अनिवार्यता है।
तीन घंटे की परीक्षा में 11वीं और 12वीं के सिलेबस से कुल 180 प्रश्नों के जवाब देने होंगे। परिणाम 11 जुलाई को घोषित किया जाएगा। 12 से 16 जुलाई तक एडमिशन दिए जाएंगे। 17 जुलाई से ‘सुपर-50’ बैच की कक्षाएं शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि कई साल से सुपर 50 के छात्रों ने जेईई मेंस, एडवांस, एआईपीएमटी, यूपीएमटी जैसी प्रवेश परीक्षाओं में सफलता के झंडे गाड़े हैं।
यहां करें आवेदन : www.balunigroup.org