चार अप्रैल को ऑफलाइन और 10 व 11 अप्रैल को ऑनलाइन होने जा रही इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेंस की तैयारी कर रहे छात्र रविवार को ‘अमर उजाला’ हेल्पलाइन सेवा का लाभ ले सकते हैं।
अमर उजाला कार्यालय में जेईई मेंस से जुड़े तीनों विषयों के विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। जेईई मेंस की तैयारी को अंतिम रूप देने वाले छात्र अगर कोई सलाह चाहते हैं या किसी उलझन में हैं तो वह ‘अमर उजाला’ हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सकते हैं।
अभ्यर्थी विशेषज्ञों से न केवल विषयों से जुड़े सवाल पूछ सकते हैं, बल्कि अंतिम समय में क्या बातें फायदेमंद हो सकती हैं, उनकी भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
यह होंगे विशेषज्ञ
-डीके मिश्रा (फिजिक्स)
-वैभव राय (केमिस्ट्री)
-मनु पंत (मैथ्स)
फोन करने का समय :
रविवार, 29 मार्च 2015 (सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक)
हेल्पलाइन नंबर :
9675201318, 9675201319, 9675201320
जरूरी दस्तावेज ले जाना न भूलें
जेईई मेंस परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को अपने साथ कुछ दस्तावेज जरूरी तौर पर ले जाने होंगे। परीक्षा कराने वाले सीबीएसई ने इससे संबंधित निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत जो दस्तावेज बताए गए हैं, उनके बिना परीक्षा में नहीं बैठने दिया जाएगा।
बोर्ड के मुताबिक अगर छात्र ने इसी साल 12वीं की परीक्षा दी है तो उसे केवल एडमिट कार्ड साथ ले जाना होगा, लेकिन जिन छात्रों ने 12वीं की परीक्षा 2013 या 2014 में पास की हो और इस साल इंप्रूवमेंट परीक्षा के लिए आवेदन न किया हो, उन्हें अपनी मार्कशीट साथ ले जानी होगी।
इसी प्रकार, जिन छात्रों ने 2013 या 2014 में 12वीं पास की हो और 2015 में इंप्रूवमेंट परीक्षा दी हो, उन्हें इंप्रूवमेंट परीक्षा का एडमिट कार्ड भी साथ ले जाना होगा।
9:30 से पहले पहुंचे परीक्षा केंद्र
बोर्ड ने यह भी साफ कर दिया है कि नौ बजे से परीक्षा केंद्र के दरवाजे खोल दिए जाएंगे। सुबह दस बजे से परीक्षा शुरू होगी। सुबह 9:30 बजे के बाद से किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
हर विषय की बराबर हिस्सेदारी
जेईई मेंस परीक्षा से ठीक पहले सीबीएसई ने साफ कर दिया है कि परीक्षा में किसी भी विषय से विशेष यूनिटों का प्रभाव नहीं होगा। इसके बजाए हर विषय से हर यूनिट की बराबर हिस्सेदारी रहेगी। इसके लिए बोर्ड ने कई विषय विशेषज्ञों से प्रश्न पत्रों के कई सेट बनवाए हैं।