नर्सरी से लेकर 9वीं कक्षा तक दाखिलों के लिए देहरादून के स्कूलों में प्रक्रिया शुरू हो गई है।
अभिभावक अपने लाडलों को मनपसंद स्कूल में एडमिशन दिलाने के लिए दिन रात एक कर रहे हैं। ऐसे में कुछ स्कूलों की जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
एशियन स्कूल : वसंत विहार स्थित एशियन स्कूल में दाखिलों का प्रथम चरण पूरा हो चुका है। द्वितीय चरण के तहत कक्षा एक से नौ तक पंजीकरण शुरू हो गए हैं। अभिभावक स्कूल टाइम में आकर पंजीकरण करवा सकते हैं।
दून इंटरनेशनल स्कूल : डालनवाला स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल में गत वर्ष अक्तूबर माह में पंजीकृत हुए बच्चों के लिए प्रवेश परीक्षा की तिथि आठ फरवरी तय की गई है। इस दिन सुबह नौ बजे से सभी पंजीकृत बच्चों की प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। इसके रिजल्ट के आधार पर दाखिले दिए जाएंगे।
दिल्ली पब्लिक स्कूल : दिल्ली पब्लिक स्कूल में दाखिलों के पंजीकरण की तिथि अभिभावकों की मांग पर 15 दिन बढ़ा दी गई है। स्कूल प्रिंसिपल बीके सिंह ने बताया कि नर्सरी से 9वीं और 11वीं के लिए छात्र पंजीकरण करवा सकते हैं।
डीएवी पब्लिक स्कूल : डिफेंस कॉलोनी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में नर्सरी, एलकेजी और कक्षा दो के लिए पंजीकरण शुरू हो गए हैं। अभिभावक स्कूल टाइम में जाकर बच्चों का पंजीकरण करा सकते हैं।