किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में एक अगस्त से शुरू हो रहे नए सत्र के लिए नए छात्र-छात्राएं बुधवार को अपने-अपने हॉस्टल पहुंच गए। इसी के साथ ‘न्यू चक्रवर्ती’ और ‘छात्रा’ हॉस्टल में चहल-पहल भी शुरू हो गई।
सभी अपने-अपने कमरों में पहुंच कर रोजमर्रा की जरूरतों के सामान इकट्ठा करने में जुटे रहे। ज्यादातर छात्र-छात्राओं के साथ उनके माता-पिता भी थे। कई छात्रों के स्थानीय अभिभावक उन्हें हॉस्टल में छोड़ने आए थे।
केजीएमयू में नए सत्र का आगाज बृहस्पतिवार से हो रहा है। छात्र-छात्राओं के चेहरे पर इसका उत्साह देखते ही बन रहा था। उधर, प्रॉक्टर प्रो. अब्बास मेहंदी और उनकी टीम ने हॉस्टल में पहुंच कर सभी सुविधाओं की जानकारी ली।
इधर, केजीएमयू में नए छात्र-छात्राओं के ‘वेलकम’ की परंपरा इस बार टूट जाएगी। केजीएमयू के इतिहास के 103वें बैच को इस बार सीधे कक्षाओं में भेजा जाएगा। कुलपति प्रो. डीके गुप्ता के दिल्ली चले जाने से ये स्थिति बनी है।
केजीएमयू प्रशासन का कहना है कि पांच अगस्त को नए बैच का स्वागत कर उन्हें चरक की शपथ दिलाई जाएगी।