गाजियाबाद जिले में रविवार को यूपी राज्य इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में 15 केंद्रों पर करीब 7383 छात्रों ने ऑफलाइन परीक्षा दी।
यूनिवर्सिटी की ओर से परीक्षा केंद्रों पर 8583 छात्र पंजीकृत थे। पंजीकृत छात्रों में करीब 1200 छात्र अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर 70 से 80 प्रतिशत छात्र परीक्षा में शामिल हुए।
नोडल आफिसर डा. टी रामानुजम ने बताया कि चार पाली में सभी केंद्रों पर शांतिपूर्वक परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा में अनुपस्थित छात्रों की जानकारी विश्वविद्यालय को भेज दी गई है।
परीक्षा सुबह साढ़े सात बजे से ही शुरू हो गई थी। एबीईएस इंजीनियरिंग कालेज से परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने परीक्षा को आसान बताया।
नोडल अधिकारी ने बताया कि परीक्षा में एनसीआर के साथ ही हापुड़, बुलंदशहर से भी छात्र परीक्षा में शामिल हुए। अब यूपीएसईई की आनलाइन परीक्षा 27 अप्रैल को होनी है। यह परीक्षा भी 15 केंद्रों पर ही कराई जाएगी।
एनडीए की परीक्षा के कारण कम रही उपस्थिति
20 अप्रैल को ही एनडीए की परीक्षा भी थी। जिसके चलते यूपीएसईई की परीक्षा में करीब 12 सौ छात्र नहीं बैठ सके। सेंटरों पर छात्रों की अनुपस्थित कारण नोडल सेंटर की ओर से एनडीए की परीक्षा बताया जा रहा है।
कार्बन कापी से मिलान करेंगे
परीक्षार्थियों को आंसर सीट की एक कार्बन कापी दी गई है। यूपीटीयू जल्द पेपर सेट के हिसाब से ऑसर की वेबसाइट पर जारी करेगी। छात्र अपने नंबर मिला सकेंगे।