दिल्ली विश्वविद्यालय में चौथी लिस्ट के दाखिलों का दौर शुक्रवार से शुरू हो गया। जिन कॉलेजों में थोड़ी-बहुत सीटें बची हैं, वहां सुबह से ही छात्रों की भीड़ देखने को मिली। अब छात्रों का जोर इस बात पर है कि किसी तरह से किसी भी कोर्स में दाखिला हो जाए।
डीयू के 14 कॉलेजों में अब भी बीए प्रोग्राम में दाखिले का मौका है। अभी चार और लिस्ट आनी हैं, लेकिन कोई भी छात्र आने वाली लिस्ट से आस नहीं कर रहा है।
एक नजर: डीयू की चौथी कट ऑफ लिस्ट जारी
लिहाजा इस लिस्ट में जिसे जहां दाखिला मिल रहा है, वहीं ले रहा है। इस लिस्ट के दाखिलों में भी आउट ऑफ कैंपस कॉलेजों में छात्रों के नाम वापस लेने का दौर जारी रहा। हालांकि यह दाखिलों के मुकाबले काफी कम है।
चौथी कटऑफ के दाखिले शनिवार तक होंगे। इस लिस्ट के मुताबिक नॉर्थ कैंपस के हंसराज, आईपी और खालसा समेत अन्य कॉलेजों में बीए प्रोग्राम कोर्स के दाखिले खुले हैं। वहीं, कई जगह कंप्यूटर साइंस और बीकॉम ऑनर्स के लिए भी मौके हैं। इसलिए कॉलेजों में शुक्रवार को भी छात्रों की भीड़ देखने को मिली।
प्रिंसिपल मान कर चल रहे हैं कि अब आने वाली लिस्ट में सामान्य वर्ग के लिए बहुत कम चांस होंगे। बीएससी कंप्यूटर साइंस के लिए दाखिले अब भी सात कॉलेजों में खुले हुए हैं। इंजीनियरिंग संस्थानों की काउंसलिंग का असर साइंस कोर्स की कटऑफ में देखने को मिल सकता है। साइंस कोर्स में सामान्य वर्ग के छात्रों को दाखिले का मौका मिल सकता है।