वित्त मंत्री पी चिदंबरम बृहस्पतिवार को दिल्ली में भारतीय महिला बैंक की पहली शाखा और पंजीकृत कार्यालय का उद्घाटन करेंगे।
राजधानी के नेहरू प्लेस में भारतीय महिला बैंक का पंजीकृत कार्यालय बनाया गया है और इसी कार्यालय में बैंक की राजधानी की पहली शाखा शुरू की जाएगी।
दिल्ली में विधानसभा चुनावों के लिए लागू आचार संहिता की वजह से गत 19 नवंबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस बैंक की शुरूआत मुंबई में की थी।
उसी दिन पूरे देश में बैंक की पांच शाखाएं शुरू की गई थी। वित्त मंत्री ने चालू वित्त वर्ष की बजट में महिलाओं के सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक हजार करोड़ रुपये की पूंजी से महिला बैंक शुरू करने की घोषणा की थी।