चालू वित वर्ष 2013-14 के पहले नौ महीने (अप्रैल-दिसंबर) के दौरान सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह 12.33 फीसदी बढ़कर 4.81 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गए। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में कुल प्रत्यक्ष कर संग्रह 4.29 लाख करोड़ रुपये था।
वित्त मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक समीक्षाधीन अवधि में शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 12.53 फीसदी बढ़कर 4.15 लाख करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्तवर्ष की अप्रैल-दिसंबर अवधि में 3.69 लाख करोड़ रुपये था।
सरकार ने चालू वित्तवर्ष में 6.68 लाख करोड़ रुपये से अधिक प्रत्यक्ष कर संग्रह का लक्ष्य रखा है, जो पिछले वित्तवर्ष के मुकाबले 19 फीसदी अधिक है।
मंत्रालय के मुताबिक समीक्षाधीन अवधि में कॉरपोरेट कर संग्रह 9.35 फीसदी बढ़कर 2.84 लाख करोड़ से बढ़कर 3.1 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्तवर्ष के पहले नौ महीने में व्यक्तिगत आयकर 18.53 फीसदी बढ़कर 1.67 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
2012-13 की इसी अवधि में यह राशि 1.41 लाख करोड़ रुपये थी। प्रतिभूति हस्तातंरण कर (एसटीटी) से सरकार को समीक्षाधीन अवधि में 3,427 करोड़ रुपये मिले। वेल्थ टैक्स संग्रह 11.92 फीसदी बढ़कर 663 करोड़ से 742 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।