पांच सत्रों की लगातार बढ़त के बाद घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट देखने को मिली।
आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, ओएनजीसी व सिप्ला जैसे ब्लूचिप शेयरों में मुनाफावसूली के लिए हुई बिकवाली के चलते बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 62 अंक लुढ़क कर 20,223.98 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 30.40 अंक गिरकर 6,156.90 अंक पर बंद हुआ। एमसीएक्स एसएक्स का मुख्य सूचकांक एसएक्स-40 भी 25.02 अंक की गिरावट के साथ 11,947.50 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई का मिडकैप 0.39 फीसदी गिरकर 6,587.97 अंक पर और स्मॉलकैप 0.20 फीसदी उतरकर 6186.65 अंक पर रहा। विदेशी बाजारों में तेजी के संकेत मिलने के बावजूद देश की नई दवा नीति से दवाइयों की कीमतों में कमी आने व फार्मा कंपनियों का मुनाफा घटने की आशंका ने बाजार पर बिकवाली का दबाव बनाया।
बीएसई में कुल 2,552 कंपनियों के शेयरो में कारोबार हुआ, जिनमें से 1,120 बढ़त में और 1,304 गिरावट में रहे, जबकि 128 में कोई बदलाव नहीं हुआ। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में मुनाफा कमाने वालों में मारुति 1.90 फीसदी, महिंद्रा 1.83, बजाज ऑटो 1.70, टाटा स्टील 1.07, कोल इंडिया 1.06, इनफोसिस 1.05, हीरो मोटोकॉर्प 0.90, भेल 0.27, स्टरलाइट 0.10 फीसदी के साथ शामिल रहे।
गिरावट वाले शेयरों में एयरटेल 2.42 फीसदी, ओएनजीसी 2.09, सिप्ला 1.71, विप्रो 1.70, आईसीआईसीआई बैंक 1.62, डा रेड्डी 1.45, जिंदल स्टील 1.36, एचडीएफसी 0.68, एचडीएफसी बैंक 0.57, स्टेट बैंक 0.47, एनटीपीसी 0.44, रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.42, टाटा पावर 0.37, टाटा मोटर्स 0.31, एलएंडटी 0.27, गेल इंडिया 0.19, हिंडाल्को 0.19 और आईटीसी 0.18 फीसदी के साथ शामिल रहे।
बीएसई के अधिकांश समूह गिरावट में रहे। इनमें मेटल, एफएमसीजी, पावर, सीजी, पीएसयू, रीयल्टी, तेल-गैस, बैंकिंग, सीडी और हेल्थकेयर में 0.01 से 1.79 फीसदी तक की गिरावट रही। बढ़त वाले सेक्टरों में ऑटो, आईटी और टेक शामिल रहे, जिनमें 0.82 फीसदी तक की वृद्धि दर्ज की गई।