पेट्रोलियम मंत्रालय ओएनजीसी, ऑयल इंडिया और रिलायंस इंडस्ट्रीज की ओर से निकाली जाने वाली घरेलू प्राकृतिक गैस की कीमत बढ़ाने की तैयारी में है।
मंत्रालय ने गैस की कीमतों में वृद्धि कर 6.7 डॉलर प्रति दस लाख ब्रिटिश थर्मल यूनिट (एमएमबीटीयू) करने का एक प्रस्ताव तैयार किया है।
यह मूल्य मौजूदा दर से 2.5 डॉलर प्रति एमएमबीटीयू अधिक है। इस बाबत मंत्रालय की ओर से कैबिनेट का मसौदा तैयार किया जा चुका है। इसे जल्द कैबिनेट की मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा।
फिलहाल ओएनजीसी, ऑयल इंडिया और निजी क्षेत्र की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज को प्राकृतिक गैस के लिए 4.2 डॉलर प्रति एमएमबीटीयू का भुगतान करना पड़ता है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व रंगराजन समिति ने मंत्रालय को घरेलू प्राकृतिक गैस का मूल्य आयातित एलएनजी और अंतरराष्ट्रीय बाजार के प्रमुख केंद्रों पर गैस मूल्य के औसत के अनुसार तय किए जाने का सुझाव दिया था।
दूसरी ओर, समिति ने प्रत्येक माह अंतरराष्ट्रीय बाजार के उतार-चढ़ाव के आधार पर गैस मूल्य की समीक्षा करने की सलाह भी दी थी। जबकि, पेट्रोलियम मंत्रालय ने मसौदे में प्रत्येक तिमाही गैस मूल्य की समीक्षा का प्रस्ताव रखा है।
सूत्रों के मुताबिक मंत्रालय ने इस मसौदे में सरकारी तेल कंपनियों की ओर से तत्काल तेल के दाम बढ़ाने का प्रस्ताव किया है। जबकि निजी क्षेत्र की रिलायंस इंडस्ट्रीज के मामले में अप्रैल 2014 से दाम बढ़ाए जाएंगे।