सहारा समूह की दो कंपनियों के निवेशकों को रकम वापसी के मामले में समूह के खातों व संपत्तियों को फ्रीज करने के ऑर्डर के जरिये बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) को नकद और निवेश राशि के तौर पर 52 करोड़ रुपये और 450 एकड़ से अधिक जमीन प्राप्त हुई है।
निवेशकों को 24,000 करोड़ रुपये लौटाने के मामले में सहारा समूह की दोनों कंपनियों द्वारा पूरी राशि देने में विफल रहने पर सेबी ने इन कंपनियों के खातों और संपत्तियों को अटैच करने का आदेश जारी किया था।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कंपनियों के बैंक खातों में 23 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मिली है, जिसका निवेश टर्म डिपॉजिट में कर दिया गया है।
इसके अलावा म्यूचुअल फंड और डीमैट खातों में निवेश के रूप में 28 करोड़ रुपये मिले हैं, जिसे फ्रीज कर लिया गया है।