देश में एक तरफ उत्तराखंड की त्रासदी पर मातम मनाया जा रहा है तो दूसरी ओर राजनीतिक दल इस मुद्दे पर भी सियासत का कोई मौका नहीं चूक रहे।
उर्दू अखबारों के एक सम्मेलन में कांग्रेस ने इस त्रासदी के बहाने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला तो भाजपा भी पलटवार करने से नहीं चूकी।
‘रैम्बो’ हैं नरेंद्र मोदी: तिवारी
कांग्रेस ने मोदी के उत्तराखंड के दौरे को आपदा पर्यटन बताते हुए उन्हें खुद को ‘रैम्बो’ बताने से बाज आने की नसीहत दी।
उत्तराखंड तबाही की संपूर्ण कवरेज देखने के लिए क्लिक करें
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने मीडिया पर मोदी को महिमामंडित करने का आरोप लगाते हुए चिंतन की सलाह दे डाली।
हालत यह थी कि उर्दू अखबारों के सम्मेलन में इस भाषा के सामने चुनौतियों की जगह उत्तराखंड त्रासदी के बहाने जमकर राजनीति हुई।
इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर, कार्यक्रम के आयोजक जदीद मरकज अखबार के संपादक हिसाम सिद्दीकी और लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान ने ही मुख्य रूप से उर्दू भाषा और उर्दू अखबार की चुनौतियों पर चर्चा की।
पीड़ितों की मदद में अमर उजाला फाउंडेशन का साथ दें
सम्मेलन की शुरुआत में ही सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने उत्तराखंड त्रासदी के बहाने मोदी पर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि सरकार की पूरी मशीनरी दिन रात की मेहनत के बाद 10 हजार लोगों को बचा पाई, मगर मोदी और उनके लोग एक ही दिन में 15 हजार लोगों को बचाने का दावा कर रहे हैं।
तिवारी ने पूछा कि क्या मोदी और उनके लोग ‘रैम्बो’ हैं? क्योंकि ऐसा तो रैम्बो ही कर सकता है। आपदा पर्यटन पर गए मोदी और उनकी टीम अगर खुद को रैम्बो समझते हैं तो यह सस्ती लोकप्रियता हासिल करने से अधिक कुछ नहीं है।
'लाशों पर राजनीति न करें'
इसी सम्मेलन में दिग्विजय ने मोदी का नाम लिए बिना उन पर लाशों पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वहां राहत कार्यों में लगे जवानों का साथ देने का समय है न कि लाशों पर राजनीति करने का।
इसी दौरान सिंह ने मीडिया पर मोदी के महिमामंडन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी मीडिया की उपज हैं। इन पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
मीडिया में मोदी को महिमामंडित किया जा रहा है। मीडिया ने मोदी को महिमामंडित करने का जो प्रयास किया है, उस पर अब खुद मीडिया को ही चिंतन करने की जरूरत है।
'मोदी से डर गई है कांग्रेस'
कांग्रेस के हमले पर पलटवार करते हुए भाजपा के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ऐसा लगता है कि पूरी की पूरी कांग्रेस और सरकार मोदी से बुरी तरह डर गई है। ये जमीनी हकीकत को समझना नहीं चाहते, इसलिए मानसिक संतुलन खो बैठे हैं।
नकवी ने कहा कि मीडिया को नसीहत देने के बदले दिग्विजय सिंह भ्रष्टाचार में डूबी अपनी सरकार और पार्टी को कार्यशैली बदलने और आम लोगों के बारे में सोचने की नसीहत देते तो अच्छा होता।