केंद्रीय रेल मंत्री पवन कुमार बंसल भले ही यूपी से न हो मगर उन्होंने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को खुश करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। चुनाव सामने देखते हुए उन्होंने प्रदेश को रेलवे की योजनाओं और ट्रेनों की खूब सौगात दी।
खासकर सोनिया के संसदीय क्षेत्र रायबरेली की ओर रेलगाड़ी को बढ़ाया गया है। यही नहीं, रेल के पहियों की फैक्टरी, दर्जन भर से ज्यादा नई ट्रेनें और गाड़ियों के विस्तार और फेरों में वृद्धि को लेकर यूपी पर काफी ध्यान दिया गया है। रायबरेली से लेकर राहुल के संसदीय क्षेत्र अमेठी तक दोहरीकरण का ऐलान किया गया है।
रेल मंत्री ने रायबरेली में नई फोर्ज्ड व्हील फैक्टरी बनाने का प्रस्ताव रखा है। जिसके लिए राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन पर दस्तखत किए गए हैं। प्रतापगढ़ की वर्कशाप को अब बड़ी लाइन के माल डिब्बों की ओवरहालिंग के लिए अपग्रेड करने का ऐलान हुआ है। देश भर में छह रेल नीर बॉटलिंग प्लांट की स्थापना में यूपी के ललितपुर को भी शामिल किया गया है।
बुंदेलखंड इलाके के ललितपुर में रेल नीर का यह प्लांट लगेगा। वहीं देशभर में सात और स्टेशनों में एक्जीक्यूटिव लाउंज बनाने के संबंध में आगरा में भी ऐसी सुविधा देने की बात रेल मंत्री ने कही है। नई गाड़ियों में 9 एक्सप्रेस गाड़ियां, एक पैसेंजर गाड़ी, एक मेमू सेवा और दो डेमू सेवा यूपी को दी गई है।
वहीं यूपी की चार गाड़ियों का विस्तार किया गया है। तीन गाड़ियों के फेरों में वृद्धि की गई है। साल 2013 में यूपी में तीन नई लाइनों का काम पूरा होगा। साथ ही 2012-13 में दो तीन खंड का विद्युतीकरण किया जाएगा।
रेल बजट में सुल्तानपुर से कादीपुर तक नई लाइन का प्रस्ताव रखा गया है। नई लाइनों में चोला से बुलंदशहर, अकबरगंज-महाराजगंज और रायबरेली के रास्ते फैजाबाद-लालगंज को शामिल किया गया है। वहीं बांसी के रास्ते कपिलवस्तु-बस्ती तक नई रेल लाइन का प्रस्ताव है। साथ ही आजमगढ़-मुबारकपुर, दादरी-सिकंदराबाद-बुलंदशहर-जहांगीराबाद-अनूपशहर-नरोरा तक, शाहजहांपुर के रास्ते फर्रूखाबाद-गोला-गोकरणनाथ (अपडेटिंग) और पडरौना-कुशीनगर-गोरखपुर नई लाइनें प्रस्तावित है। दोहरीकरण में नजीबाबाद-कोटद्वार और वाराणसी-बलिया शामिल है।