भारतीय रिजर्व बैंक एक बार फिर बैंकिंग लाइसेंस देने की तैयारी में है। अबकी बार रिजर्व बैंक परंपरागत तरीके से काम कर रहे बैंकिंग मॉडल में बदलाव करने की योजना पर काम कर रहा है।
आरबीआई मोदी सरकार द्वारा बजट पेश करने के बाद नए दिशानिर्देश जारी कर सकता है। रिजर्व बैंक इसके पहले अप्रैल के महीने में आईडीएफसी और बंधन फाइनेंशियल सर्विसेज को नए बैंकिंग लाइसेंस देने की सैद्धांतिक मंजूरी दे चुका है।
आरबीआई का नए मॉडल वाले छोटे बैंक पर होगा जोरवित्त मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार रिजर्व बैंक इस तरह के मॉडल पर विचार कर रहा है, जिसमें ग्राहकों की विभिन्न जरूरत के मुताबिक बैंक खोले जाएंगे। मसलन पेमेंट बैंक का मॉडल भारत में विकसित किया जा सकता है। जो कि केवल जमाएं लेने और भुगतान का काम करे। यह बैंक कर्ज देने का काम नहीं करेंगे। अधिकारी के अनुसार इस संबंध में आम बजट पेश होने के बाद रिजर्व बैंक नई गाइडलाइन जारी कर सकता है।
इंडिया पोस्ट बनेगा प्रमुख दावेदारअप्रैल में वित्त मंत्रालय के विरोध के कारण लाइसेंस न पाने वाला इंडिया पोस्ट नए दिशानिर्देश के आधार पर बैंकिंग लाइसेंस पा सकता है। सूत्रों के अनुसार यदि आरबीआई पेमेंट बैंक का मॉडल तैयार करता है, तो इंडिया पोस्ट उसका प्रमुख दावेदार होगा। इंडिया पोस्ट पहले से ही उसी तरह के मॉडल पर काम कर रहा है। साथ ही टेलीकॉम मंत्रालय भी इंडिया पोस्ट को नए मॉडल में जगह देने के समर्थन में है।