आवास एवं शहरी विकास निगम (हडको) के डिफाल्टरों की सूची में मैकडोनल्ड का उत्तर भारत में नेटवर्क चलाने वाली कंपनी के प्रमुख विक्रम बक्शी और गाजियाबाद में संतोष चिकित्सा महाविद्यालय के संस्थापकों में शामिल डॉ. पी महालिंगम भी शामिल हैं।
हडको के सीएमडी वीपी बलिगार ने यहां संवाददाताओं को बताया कि बक्शी पर उनकी कंपनी का कुल 50 करोड़ रुपये का बकाया है। बक्शी ने अपने रीयल्टी कारोबार के लिए हडको से कर्ज लिया था, जिसका भुगतान नहीं किया गया है। इसकी वसूली के लिए जरूरी सभी कार्रवाई करने के बाद उनको डिफाल्टरों की सूची में डाल दिया गया है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित संतोष चिकित्सा महाविद्यालय के संस्थापकों में शामिल डॉ. पी. महालिंगम पर 400 करोड़ रुपये का बकाया है और पिछले 12 वर्षों से इसकी वसूली के लिए अदालती लड़ाई चल रही है। अभी भी यह मामला कई अदालतों में लंबित है।
डॉ. महालिंगम ने 60 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था, जिसका भुगतान नहीं करने की वजह से यह राशि बढ़कर 400 करोड़ रुपये हो गई है।