सोने के आयात पर लगी पाबंदियों ने चालू खाते के घाटे से राहत दिलाने के साथ-साथ कई मुसीबतें खड़ी कर दी हैं।
आयात शुल्क बढ़ने की वजह से सोने की तस्करी में जोरदार उछाल आया है। इस साल अप्रैल से नवंबर तक पिछले साल के मुकाबले तस्करों से करीब चार गुना ज्यादा सोना पकड़ा जा चुका है। वहीं, दूसरी तरफ आयात पर पाबंदियों की मार सर्राफा उद्योग पर पड़ रही है। स्वर्ण आभूषणों का निर्यात इस साल घटकर आधा रहने की आशंका है। इन स्थितियों को देखते हुए सरकार सोने के आयात की शर्तों का जल्द ही रिव्यू करेगी।
वित्त मंत्रालय के तहत काम करने वाले राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) से मिली जानकारी के अनुसार, इस साल अप्रैल से नवंबर तक 8 महीनों में सोने की तस्करी से जुड़े 697 मामले पकड़ में आए हैं। इनमें करीब 240 करोड़ रुपये का सोना बरामद हुआ है, जबकि पिछले पूरे साल में तस्करों से सिर्फ 99 करोड़ रुपये का सोना जब्त हुआ था। इस दौरान नवंबर तक करीब 65 करोड़ रुपये का सोना ही बरामद हुआ था।
जाहिर है कि आयात पर सख्ती और इंपोर्ट ड्यूटी बढ़कर 10 फीसदी होने से तस्करों की चांदी हो गई है। इस मौके को भुनाने के लिए तस्करों ने विदेश से सोना लाने के कई नए-नए तरीके आजमा रहे हैं।
वाणिज्य मंत्रालय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सोने की बढ़ती तस्करी और उद्योग जगत की दिक्कतों को देखते हुए आयात में ढील देने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। इस बारे में वाणिज्य सचिव एसआर राव ने हाल ही में आर्थिक मामलों के सचिव अरविंद मायाराम को एक पत्र लिखा है। रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन और वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा भी सोने की तस्करी रोकने के लिए आयात शर्तों में ढील दिए जाने के पक्ष में हैं। इस सप्ताह के आखिर तक सरकार पूरी स्थिति की समीक्षा कर आयात में छूट देने का ऐलान कर सकती है।
लाखों कारीगरों के सामने रोजगार का संकट
ऑल इंडिया जेम्स एंड ज्वैलरी ट्रेड फेडरेशन के अध्यक्ष हरेश सोनी ने बताया कि 18 महीने में सोने पर आयात शुल्क एक फीसदी से बढ़ाकर 10 फीसदी करने और आयात के साथ 20 फीसदी निर्यात की शर्त ने घरेलू कारोबार को बुरी तरह प्रभावित किया है। इससे तस्करी बढ़ी है और कच्चा माल मिलने में दिक्कतों के चलते लाखों कारीगर खाली बैठे हैं। सोनी का कहना है कि सरकार ने चालू घाटे के घाटे को देखते हुए सोने के आयात पर अंकुश लगाया था, लेकिन अब यह समस्या काफी हद तक दूर हो चुकी है। इसलिए अब इन पाबंदियों को हटा देना चाहिए।
सोने से जुड़े तथ्य:
53 फीसदी गिरा स्वर्ण आभूषणों का निर्यात (अप्रैल-नवंबर)
500 टन तक सीमित होगा सोने का आयात
240 करोड़ रुपये का सोना तस्करों से बरामद
697 मामले पकड़ में आए