वाहन बनाने वाली अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी जनरल मोटर्स (जीएम) ने छह अलग-अलग तरह की खामियों के चलते अमेरिका में अपने सात लाख 18 हजार वाहनों को वपास मंगाने की घोषणा की है।
कंपनी की ओर से रीकॉल किए गए वाहनों में वर्ष 2010-12 में निर्मित शेवरले कैमारो और 2011-12 में बने ब्युइक रीगल और कुछ अन्य मॉडल शामिल हैं। इनमें चालक और यात्रियों की सीटों की ऊंचाई को घटाने-बढ़ाने वाले एडजस्टर की बोल्ट में आई खराबी को ध्यान में रखते हुए 4,14,333 वाहनों को वापस मंगा रही है।
कंपनी ने कहा कि अगर बोल्ट गिर जाए तो सीट स्वत: ऊपर-नीचे होने लगेगी। इस समस्या से हुई एक दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए थे। ऐसी दुर्घटना को रोकने के उद्देश्य से उसने यह कदम उठाया है। हालांकि इसमें किसी के मारे जाने की कोई खबर नहीं है।
जनरल मोटर्स ने कहा कि 2014 में निर्मित शेवरले इम्पाला की पावर स्टियरिंग प्रणाली में भी खराबी की सूचना मिली है। इसकी वजह से भी एक दुर्घटना हुई है। वाहनों की इस खामी को देखते हुए 57 हजार 252 शेवर्ले इम्पाला को भी वापस मंगाया जा रहा है। इसी तरह सीट हुक की अधूरी वेल्डिंग की वजह से इस वर्ष बनाई गई शेवरले कैपराइस कारों में से 1.24 लाख को रीकॉल किया है।
इसके साथ ही दायीं-बाई ओर मुड़ते समय संकेत देने वाली बैक लाइटों (इंडिकेटर) में आई खराबी की वजह से 2011-13 में निर्मित ब्युइक रीगल और 2013 में बनी शेवरले मालिबू सहित 1,20,426 कारों को वापस मंगाने की घोषणा की गई है।
इसके साथ ही आर्म बोल्ट की खराबी की वजह से चालक का स्टियरिंग पर नियंत्रण समाप्त होने जैसे खतरों के प्रति सावधानी बरतते हुए कंपनी ने दक्षिण कोरिया से आयातित 1,919 शेवरले स्पार्क्स तथा गलत नट से कसे गए रूफ कैरियर के कारण वापस मंगाया जा रहा है।