फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘एनर्जी’ के दम पर उछला बाजार, सेंसेक्स 19 हजार के पार

Fri, 28 Jun 2013 06:34 PM IST
मुंबई/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
प्राकृतिक गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से ऊर्जा क्षेत्र (एनर्जी सेक्टर) की ओएनजीसी व रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में तगड़ी लिवाली से घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को ऊंचा उछाल आया।
विज्ञापन


बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के सेंसेक्स में 22 महीनों की सबसे बड़ी बढ़त देखने को मिली। यह 519.86 अंक की छलांग लगा कर 19 हजार के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करते हुए 19,395.81 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 159.85 अंक की बढ़त के साथ 5,842.20 अंक पर बंद हुआ, जोकि दो सप्ताह का सबसे ऊंचा स्तर रहा। एमसीएक्स एसएक्स का प्रमुख सूचकांक एसएक्स-40 भी 275.16 अंक की बढ़त के साथ 11,494.35 अंक पर रहा।
विज्ञापन


अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा विशेष पैकेज वापस न लेने में जल्दबाजी न दिखाने की खबर ने भी बाजार की धारणा पर काफी सकारात्मक असर दिखाया। शेयर बाजार में आए इस उछाल से निवेशकों की रकम में 1.52 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई।

गैस की कीमतों में बढ़ोतरी और कोयला नियामक के गठन की ओर कदम उठाए जाने से ऊर्जा क्षेत्र में सुधार की राह खुलती देख विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बाजार में तगड़ी खरीदारी की जिसके चलते बीएसई के सभी 13 वर्गों में बढ़त देखने को मिली।

सेंसेक्स में शामिल 30 में से 29 कंपनियां बढ़त में रहीं। केवल हिन्दुस्तान यूनिलीवर को ही नुकसान उठाना पड़ा। तेल और गैस क्षेत्र के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। बीपीसीएल, आईओसी, गेल, पेट्रोनेट एलएनजी, रिलायंस, एचपीसीएल और ओएनजीसी के शेयरों ने 2.2 से 5.7 फीसदी तक का मुनाफा कमाया।

पावर, ऑटो, रीयल्टी और फार्मा सेक्टरों में भी अच्छी लिवाली हुई। मुनाफा कमाने वाली कंपनियों में जिंदल स्टील 7.89 फीसदी, भेल 6.90, टाटा पावर 5.71, कोल इंडिया 5.58, स्टरलाइट 5.23, गेल इंडिया 4.75, टाटा मोटर्स 4.43, बजाज ऑटो 4.39, एचडीएफसी 4.28, हिंडाल्को 4.07, एलएंडटी 3.98, रिलायंस 3.78, एयरटेल 3.66, टाटा स्टील 3.61 और सनफार्मा 3.59 फीसदी की बढ़त के साथ शामिल रहे।

अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा आर्थिक पैकेज वापस लेने में कोई जल्दबाजी न दिखाने के बयान ने दुनिया भर के प्रमुख शेयर बाजारों को तेजी दी। हांगकांग, ताइवान, सिंगापुर, चीन व दक्षिण कोरिया के बाजार 1.04 से 2.26 फीसदी की बढ़त में रहे। जापान के निक्की में 3.51 फीसदी का उछाल आया। यूरोप में जर्मनी व ब्रिटेन के स्टॉक एक्सचेंजों में भी तेजी रही।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें