सोना खरीदने का एक अच्छा मौका फिर आया है। घरेलू सराफा बाजार में सोने के दाम 1,150 रुपये कम होकर 26 हजार से नीचे 25,650 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गए हैं।
पिछले 23 महीने में सोने का यह सबसे निचला भाव है। विदेशी बाजारों में सोने की कीमतों में तेज गिरावट के चलते थोक कारोबारियों और निवेशकों द्वारा भारी बिकवाली से घरेलू बाजार में सोने में इतनी बड़ी गिरावट आई है।
ज्वेलर्स और सिक्का निर्माताओं की सुस्त मांग से चांदी भी 1,490 रुपये सस्ती होकर 39,010 रुपये प्रति किलो पर बिकी।
वहीं, वायदा बाजार में भी सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। वायदा
कारोबार के दौरान सोने में प्रति दस ग्राम 434 रुपये की गिरावट दर्ज की गई
और यह 24,941 रुपये के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबारियों का कहना है कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में हो रहे सुधार से फेडरल रिजर्व राहत पैकेज वापस लेने के कदम उठा सकता है। जिसके चलते निवेशकों का रुझान तेजी से सोने में कम हो रहा है। निवेशक अपने फंड शेयर बाजारों में स्थानांतरित कर रहे हैं।
सिंगापुर में सोने के भाव तीन साल के निचले स्तर 1,200 डॉलर प्रति औंस से नीचे चले गए। विदेशी बाजार में सोना 24.40 डॉलर उतरकर 1,200.80 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। चांदी भी 0.05 फीसदी नीचे 18.51 डॉलर प्रति औंस बोली गई।
स्थानीय सराफा बाजार में सोना 99.9 और सोना 99.5 प्रत्येक में 1,150 रुपये की गिरावट आई और भाव क्रमश: 25,650 रुपये और 25,450 रुपये प्रति दस ग्राम रह गए। विगत 9 अगस्त 2011 के बाद यह सोने के निचला भाव है। चांदी में भी गिरावट का रुझान रहा।
चांदी हाजिर के भाव 1,490 रुपये नरम पड़कर 40 हजार से नीचे 39,010 रुपये प्रति किलो पर आ गए। हालांकि, चांदी साप्ताहिक आपूर्ति वायदा 130 रुपये बढ़कर 39,700 रुपये प्रति किलो पर बोला गया। चांदी के सिक्के भी 2,000 रुपये सस्ते हो गए। चांदी सिक्का लिवाली 75,000 और बिकवाली 76,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर रहे।